समाचार · मध्य प्रदेश
विदिशा में महिला कांग्रेस ने फूंका पुतला:कंगना रनौत, प्रह्लाद जोशी के विरोध में प्रदर्शन; पुलिस से हुई छीना-झपटी
विदिशा में मंगलवार शाम जिला महिला कांग्रेस ने सांसद कंगना रनौत और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पुतला छीनने को लेकर कुछ देर तक झड़प हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग कर पुतले में लगी आग बुझाई। यह प्रदर्शन जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका किरार के नेतृत्व में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कंगना रनौत तथा प्रह्लाद जोशी से सार्वजनिक माफी की मांग की। प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर लिया। देखिए तीन तस्वीरें… कंगना रनौत की टिप्पणी महिलाओं का अपमान प्रियंका किरार ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही छात्राओं के संबंध में सांसद कंगना रनौत की टिप्पणी महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए अशोभनीय हैं और कंगना रनौत को प्रदर्शनकारी छात्राओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। किरार ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गुजरात के बिलकिस बानो प्रकरण के दोषियों के स्वागत को लेकर उन्हें भी देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी दोहराया कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेगी। महिला कांग्रेस कार्यकर्ता प्रीति कुशवाहा ने कहा कि पार्टी महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंगना रनौत की कथित टिप्पणी और बिलकिस बानो मामले के दोषियों के स्वागत के विरोध में यह पुतला दहन किया गया है।