समाचार · मध्य प्रदेश
मूंग तुलाई बंद होने पर किसानों ने लगाया जाम:हटा मंडी के सामने प्रदर्शन, दूसरी जगह खदीरी की बात पर भड़के
दमोह जिले के हटा कृषि उपज मंडी में मूंग की तुलाई अचानक बंद होने और खरीदी केंद्र बदलने से नाराज किसानों ने सोमवार शाम 7 बजे मंडी के सामने चक्काजाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहा। हटा मंडी में सनकुईया और पटेरिया समितियों द्वारा मूंग की खरीदी की जा रही थी। सनकुईया समिति प्रबंधक पर गड़बड़ी की जांच के बाद, सोमवार को तुलाई का प्रभार सोजना समिति को सौंप दिया गया। साथ ही किसानों को सूचित किया गया कि अब तुलाई हटा मंडी के बजाय पटेरा या देवडोगरा के निजी वेयरहाउस में होगी। इससे किसान भड़क गए। किसानों ने क्या-क्या समस्याएं बताईं रोहिणी पटेल और हरिश्चंद्र पटेल ने बताया कि उन्हें अब तुलाई के लिए 20 किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा, जहां बारिश से बचाव के कोई इंतजाम नहीं हैं। अगर बारिश में उपज खराब होती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? श्रीकांत पटेल और चंद्रकांत पटेल ने बताया कि पुरानी समिति से ही खरीदी जारी रखी जाए। स्लॉट की अवधि खत्म हो रही है और नई समिति को प्रभार लेने में समय लगेगा, जिससे किसानों को भारी नुकसान होगा। गिरीश पटेल ने बताया कि दोपहर में तहसीलदार ने 2 बजे से तुलाई शुरू कराने का भरोसा दिया था। किसानों के टोकन तो जमा कर लिए गए, लेकिन बारदाना नहीं दिया गया और तुलाई शुरू नहीं हुई। किसान 4 दिनों से मंडी में भटक रहे हैं। मंडी में मौजूद एक पीड़ित किसान ने बताया कि उन्हें शुगर की बीमारी है और वे चार दिन से हटा मंडी में पड़े हुए हैं। अगर उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी? तहसीलदार के आश्वासन पर खुला रास्ता चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसीलदार शिवराम चढ़ार मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने किसानों को समझाकर व्यवस्थाओं में जल्द सुधार करने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।