समाचार · पंजाब
लाजपत नगर मार्केट के पार्क के बाहर क्षतिग्रस्त सड़कें, सुधारने की उठाई मांग
INT News7 July 2026 at 05:50 am
जालंधर। लाजपत नगर मार्केट के पिछले हिस्से में स्थित सुंदर पार्क के बाहर की सड़कें लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। पार्क अपनी खूबसूरती के लिए पहचाना जाता है, लेकिन उसके चारों ओर सड़कों की हालत खराब होने से स्थानीय निवासियों और बाजार आने वाले लोगों को रोजाना आवागमन में कठिनाई हो रही है। इलाके में कई जगह सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को फिसलने व चोट लगने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार खराब सतह के कारण वाहनों के टायर और सस्पेंशन को भी नुकसान पहुंच रहा है, जिससे खर्च बढ़ रहा है। स्थानीय निवासी विनय अग्रवाल ने कहा कि पार्क जितना सुंदर है, उसके पास की सड़कें उतनी ही बदहाल हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराकर समस्या का समाधान करने की मांग की है।