समाचार · हरियाणा
पूर्व-सरपंच के हत्यारोपियों को आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस:पूछताछ के लिए मांगेगी रिमांड; दो सगे भाईयों समेत 3 आरोपी पकड़े गए
फतेहाबाद जिले के गांव खाराखेड़ी में पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए दो सगे भाईयों समेत तीनों आरोपियों को आज (मंगलवार) को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस कोर्ट से तीनों के रिमांड की मांग करेगी ताकि इनसे पूछताछ की जा सके। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी विनोद गोदारा, उसका सगा भाई विक्रम गोदारा और चचेरा भाई जिले सिंह उर्फ सेठी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन तीनों आरोपियों ने पुलिस के सामने हिसार जिले के लांधड़ी टोल के पास सरेंडर किया था। बता दें कि, पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की 4 जुलाई (शनिवार) शाम को रंगला पंजाब ढाबे पर गोली मारकर हत्या की गई थी। बाइक पर आए हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई और फिर गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। राजेंद्र को एक गोली लगी और करीब 40 छर्रे लगे। बाद में पुलिस ने राजेंद्र के भतीजे सौरव के बयान पर गांव खाराखेड़ी निवासी पांच लोगों पर हत्या के आरोप में केस दर्ज किया था। यह लगाए थे भतीजे ने आरोप सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में राजेंद्र के भतीजे सौरव ने बताया था कि शनिवार शाम वह अपने ताऊ राजेंद्र खिलेरी के साथ ढाबे पर चाय पी रहा था। ताऊ राजेंद्र कुर्सी पर बैठे थे, जबकि वह चारपाई पर था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर जिले सिंह उर्फ सेठी, विनोद गोदारा, विक्रम गोदारा और हरीश समेत अन्य लोग पहुंचे। सभी के हाथों में पिस्तौल थीं। आरोपियों ने पास आते ही ललकारते हुए कहा, "तुमको दुश्मनी का मजा चखाते हैं" और पूर्व सरपंच पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली राजेंद्र खिलेरी के गले में लगी जबकि सीने और सिर में 40 छर्रे लगे। इससे वह कुर्सी से नीचे गिर पड़े। हमलावर बाइक छोड़कर भाग गए। इस मामले में गांव खाराखेड़ी के निलंबित सरपंच संजय कुमार पर भी केस दर्ज हुआ है। सौरव का आरोप है कि निलंबित सरपंच अपनी गाड़ी में बैठाकर आरोपियों को वहां से ले गया था। पुलिस ने सौरव की शिकायत पर विनोद गोदारा, उसके भाई विक्रम गोदारा, चचेरे भाई जिले सिंह, उसके बेटे हरीश और निलंबित सरपंच संजय कुमार समेत पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया था। आज कोर्ट में पेश करेंगे आरोपी-एसएचओ सदर थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट से रिमांड की मांग जाएगी ताकि इनसे मामले को लेकर और पूछताछ की जा सके।