समाचार · मध्य प्रदेश
सीहोर में नवजात की मौत, SNCU में भर्ती था:परिजन शव लेने नहीं पहुंचे, डॉक्टर बोले- पुलिस को मामले की सुचना दी
सीहोर जिला अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती नवजात बच्ची की 24 जुलाई को इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद कई दिन बीतने के बावजूद परिजन शव लेने अस्पताल नहीं पहुंचे। सिविल सर्जन डॉ. यू. के. श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल की ओर से पुलिस के माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई थी। अब मामले में कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। सिविल सर्जन डॉ. यू. के. श्रीवास्तव के मुताबिक, नवजात को 30 जून को गंभीर हालत में एसएनसीयू में भर्ती कराया गया था। बच्ची का जन्म समय से पहले हुआ था। उसका वजन भी काफी कम था। डॉक्टरों की टीम लगातार उसका इलाज कर रही थी। अस्पताल के अनुसार, 20 जुलाई के बाद से परिजनों ने बच्ची से मिलना बंद कर दिया था। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस की मदद से उन्हें सूचना भी भेजी, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे। मौत के बाद पुलिस को दी सूचना 24 जुलाई को इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली और अहमदपुर थाना पुलिस के माध्यम से परिजनों को शव लेने के लिए सूचना दी गई। कई दिन बीत जाने के बाद भी परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे। सीलखेड़ा गांव के रहने वाले हैं परिजन अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, मृत नवजात की मां का नाम सविता और पिता का नाम शिवनारायण है। दोनों अहमदपुर क्षेत्र के सीलखेड़ा गांव के निवासी हैं। सिविल सर्जन डॉ. यू. के. श्रीवास्तव ने कहा कि परिजनों के उपस्थित नहीं होने के कारण अब आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।