समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में सड़क के गड्ढे में लगाया तिरंगा झंडा:राहगीर ने प्रशासन की लापरवाही पर उठाए सवाल, बारिश में सड़क का गड्ढा बना खतरा
गुरुग्राम में सड़क के बड़े गड्ढे की ओर प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए एक राहगीर ने अनोखा तरीका अपनाया। सेक्टर-57 के पास तिगरा तिराहे और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर बने गहरे गड्ढे के बीच राहगीर ने तिरंगा झंडा लगा दिया। गड्ढे में लहराता तिरंगा झंडा देखकर लोग भी हैरान रह गए। राहगीर ने तिरंगा झंडा लगाकर एक तरफ वाहन चालकों को गड्ढे से सावधान किया, वहीं दूसरी ओर सड़क की बदहाल हालत को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े किए। यह तस्वीर अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। 'नगर निगम और संबंधित प्रशासन को ध्यान देना चाहिए' यह घटना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सड़क पर वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। बारिश के मौसम में इस गहरे गड्ढे के कारण गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम और संबंधित प्रशासन को इस समस्या पर तुरंत ध्यान देना चाहिए था, लेकिन लंबे समय से इसकी अनदेखी की जा रही है। राष्ट्रीय ध्वज के इस तरह के प्रयोग को लेकर उठे सवाल गड्ढे में तिरंगा झंडा लगाने से एक ओर जहां राहगीरों को दूर से ही खतरे का संकेत मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय ध्वज के इस तरह के प्रयोग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने प्रशासन की ढिलाई पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम का काम सही न होने के कारण ही लोगों को ऐसा कदम उठाना पड़ रहा है। नागरिकों ने मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि हादसों से बचा जा सके।