समाचार · मध्य प्रदेश
रंगदारी के आरोपी को पुलिस ने सड़कों पर घुमाया:राजगढ़ में मारपीट के आरोपी का जुलूस निकाला, थाना प्रभारी बोले- सख्ती जारी रहेगी
धार जिले के राजगढ़ में पुलिस ने रंगदारी और गुंडागर्दी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को कस्बे में उसका जुलूस निकाला। पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपी को मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों से पैदल घुमाया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हुए। पुलिस के अनुसार, ग्राम अमोदिया निवासी हिम्मत पिता लक्ष्मण सेप्टा पर अपने साथियों के साथ मिलकर राजगढ़ क्षेत्र में रंगदारी दिखाने और मारपीट करने का आरोप है। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कस्बे के प्रमुख बाजारों और मार्गों से पैदल घुमाकर यह संदेश दिया गया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि क्षेत्र में रंगदारी, हफ्ता वसूली, मारपीट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जोर दिया कि अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखना पुलिस की प्राथमिकता है। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।