Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ट्रैक्टर पलटने से ग्राम कोटवार की मौत:दमोह में सर्विसिंग के बाद घर लौटते समय हादसा, जांच जारी

INT News1 August 2026 at 07:51 pm

दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के पटना खुर्द गांव में शनिवार शाम एक ट्रैक्टर पलटने से ग्राम कोटवार की मौत हो गई। घटना शाम छह बजे हुई। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय बहादुर कोटवार निवासी पटना खुर्द के रूप में हुई है। शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतक के जीजा कमलेश बांसल ने बताया कि उन्हें फोन पर बहादुर की ट्रैक्टर में दबने से मौत की सूचना मिली थी। जिला अस्पताल पहुंचने पर उन्हें शवगृह में शव मिला। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटवार बहादुर अपने ट्रैक्टर की सर्विसिंग कराने दमोह गए थे। शनिवार शाम को वे सर्विसिंग के बाद अपने घर लौट रहे थे। पटना खुर्द गांव पहुंचते ही एक मोड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से कोटवार उसके नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य करते हुए उन्हें ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक बहादुर कोटवार के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं।