समाचार · मध्य प्रदेश
खाद्य विभाग की एक हफ्ते में दूसरी बड़ी कार्रवाई:उज्जैन में दो फर्मों से 1.27 लाख रुपए का घी जब्त, सैंपल भेजे
उज्जैन जिले में नकली घी के खिलाफ खाद्य विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग ने शनिवार को बड़नगर में दो अलग-अलग एजेंसियों पर छापा मारकर करीब 1.37 लाख रुपए कीमत का घी जब्त किया। दोनों स्थानों से घी के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत शर्मा ने बताया कि खाद्य विभाग की टीम ने बड़नगर तहसील में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नयापुरा स्थित जय भारत एजेंसी पर श्रीकृष्णा देसी घी 200 मिली, 500 मिली, 1 लीटर और 15 किलोग्राम पैकिंग में बड़ी मात्रा में रखा मिला। बिलों की जांच में पता चला कि यह घी इंदौर स्थित वरुण मार्केटिंग, प्रताप नगर से 360 रुपए प्रति लीटर की दर से खरीदा गया था। बाजार मूल्य की तुलना में कीमत कम होने के कारण घी की गुणवत्ता पर संदेह हुआ। टीम ने मौके से 337 लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत 1,21,320 रुपए है, जब्त कर उसके नमूने लेकर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए। इसके बाद टीम ने महात्मा गांधी रोड, बड़नगर स्थित एक अन्य प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां डेयरी मिल्क एगमार्क देसी घी 5 लीटर और 500 मिली पैकिंग में कुल 35 लीटर घी मिला। गुणवत्ता पर संदेह होने पर करीब 16,170 रुपए कीमत का घी जब्त कर उसके नमूने भी जांच के लिए भेजे गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि घी अमानक या मिलावटी पाया जाता है तो संबंधित एजेंसियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।