समाचार · छत्तीसगढ़
खोंगापानी नगर पंचायत अध्यक्ष व पार्षदों का अनोखा प्रदर्शन:सड़क के गड्ढे में भरे पानी व बरसते पानी बैठकर की नारेबाजी, CMO हटाने की मांग की
एमसीबी जिले की खोंगापानी नगर पंचायत में शुक्रवार (31 जुलाई) को जर्जर सड़कों के विरोध में जनप्रतिनिधियों ने अनोखा प्रदर्शन किया। नगर पंचायत अध्यक्ष ललिता यादव के नेतृत्व में भाजपा और कांग्रेस के पार्षद बारिश के बीच सड़क पर बने पानी से भरे गड्ढों में बैठ गए और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अंजना वायकल्स के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर पंचायत की अधिकांश सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं। जगह-जगह गड्ढे होने से आम लोगों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। CMO पर लगाए विकास कार्य रोकने के आरोप जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि सड़क मरम्मत की मांग बार-बार उठाने के बावजूद अधिकारी टालमटोल करते रहे। उन्होंने वर्तमान CMO पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए शासन से उन्हें तत्काल खोंगापानी नगर पंचायत से हटाने की मांग की। तहसीलदार पहुंचे, आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन आंदोलन की सूचना मिलते ही तहसीलदार विनीत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। चेतावनी- सड़क नहीं बनी तो होगा उग्र आंदोलन जनप्रतिनिधियों ने कहा कि खोंगापानी की जर्जर सड़कें लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन के आश्वासन के बावजूद जल्द सड़क मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ तो वे और बड़ा आंदोलन करेंगे।