national
अर्धनारीश्वर की तस्वीर शेयर कर राहुल गांधी का BJP-RSS पर हमला, कहा- उन्हें धर्म की समझ नहीं

Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भगवान शिव और मां पार्वती के अर्धनारीश्वर की मूर्ति की तस्वीर शेयर कर बीजेपी और आरएसएस पर हमला बोला है. रविवार (22 नवंबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस को भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की समझ नहीं है. उन्होंने दोनों संगठनों को असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष वर्चस्ववादी कहा है. राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया उनकी मां सोनिया गांधी के संस्मरण के विमोचन के दौरान माता-पिता के रिश्ते को लेकर की गई टिप्पणी पर उठे विवाद के बीच सामने आई है.
अर्धनारीश्वर की तस्वीर शेयर कर राहुल गांधी ने क्या कहा?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को एलिफेंटा की गुफाओं में स्थित एक मूर्ति की तस्वीर साझा की. इसमें भगवान शिव और देवी पार्वती के संयुक्त स्वरूप अर्धनारीश्वर को दर्शाया गया है. राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि भाजपा और आरएसएस के लोगों को देश की आध्यात्मिक एवं धार्मिक विरासत की वास्तविक समझ नहीं है.
तस्वीर के साथ राहुल गांधी ने लिखा कि भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को गहराई से समझने के साथ उनकी एक धारणा और स्पष्ट होती जा रही है. दोनों संगठनों में लालच, जातिवाद और पुरुष वर्चस्व की मानसिकता है.
राहुल गांधी का ट्वीट
?ref_src=twsrc%5Etfw">
अर्धनारीश्वर की मूर्ति का क्या महत्व है?
भगवान शिव का अर्धनारीश्वर हिंदू धार्मिक परंपरा में भगवान शिव और देवी पार्वती का संयुक्त स्वरूप है. इस स्वरूप में एक ही शरीर का आधा हिस्सा भगवान शिव और दूसरा आधा हिस्सा देवी पार्वती का होता है. राहुल गांधी ने इसी धार्मिक प्रतीक की तस्वीर साझा करते हुए भाजपा और आरएसएस की सोच पर सवाल उठाए हैं. उनकी पोस्ट ऐसे समय सामने आई है, जब माता-पिता के आपसी प्रेम और लगाव को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक विवाद चल रहा है.
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन पर क्या बोले थे राहुल गांधी?
विवाद की शुरुआत सोनिया गांधी के संस्मरण बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव के औपचारिक विमोचन के दौरान राहुल गांधी की टिप्पणी से हुई थी. पिछले सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में राहुल ने अपने पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी के बीच गहरे लगाव का जिक्र किया था. उन्होंने परिवार से जुड़ी यादें बताते कहा था कि खाना खाने के समय उनकी मां अक्सर उनके पिता की गोद में बैठती थीं. राहुल ने यह बात माता-पिता के बीच प्रेम और अपनत्व का उदाहरण देते हुए कही थी. हालांकि, उनकी इस टिप्पणी को लेकर आलोचनाएं शुरू हो गईं.
आलोचनाओं के जवाब में शिव-पार्वती की तस्वीर की थी साझा
माता-पिता के रिश्ते पर दिए गए बयान को लेकर विवाद बढ़ने के बाद राहुल गांधी ने मंगलवार को भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी थी. उस समय उन्होंने 12वीं शताब्दी के एक मंदिर की मूर्ति की तस्वीर साझा की थी, जिसमें देवी पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी दिखाई देती हैं. इस तस्वीर के जरिए राहुल गांधी ने प्रेम और अपनत्व की भारतीय धार्मिक परंपराओं का जिक्र किया था. उन्होंने बीजेपी और आरएसएस के समर्थकों पर निशाना साधते हुए कहा था कि भय, गुस्से और नफरत ने उनके दिलों को इस तरह जकड़ लिया है कि वे प्रेम की अभिव्यक्ति को समझ नहीं पा रहे हैं.
बोले राहुल गांधी- सच्चे हिंदू के रूप में यह मेरा कर्तव्य है
राहुल गांधी ने मंगलवार की अपनी पोस्ट में कहा था कि एक सच्चे हिंदू के रूप में वह लोगों को भय और नफरत के बंधन से मुक्त करना अपना कर्तव्य मानते हैं. राहुल गांधी ने कहा कि ऐसा होने पर लोग अपने जीवन में प्रेम, अपनत्व और उससे मिलने वाली खुशी का अनुभव कर सकेंगे. उन्होंने अपने संदेश का समापन 'सत्यम शिवम सुंदरम' के साथ किया था. रविवार को अर्धनारीश्वर की तस्वीर साझा करने के बाद राहुल गांधी ने एक बार फिर इसी विषय पर भाजपा और आरएसएस की आलोचना की है.
Also Read: राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बंपर जीत, राहुल गांधी बोले- डबल इंजन को गांवों ने जवाब दे दिया