समाचार · मध्य प्रदेश
बस की खिड़की से बाहर देखा, शख्स का सिर फटा:टीकमगढ़ में क्रॉसिंग के दौरान ट्रक की चपेट में आने से मौत, ललितपुर का रहने वाला था
टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर सोमवार रात एक सड़क दुर्घटना में बस में सवार एक शख्स की मौत हो गई। यह हादसा दिगौड़ा थाना क्षेत्र के पूनोल नाले के पास हुआ, जब एक यात्री बस और ट्रक की क्रॉसिंग के दौरान टक्कर हो गई। रात करीब 8 बजे हुई इस घटना में, हरिओम कंपनी की बस में सवार प्रमोद सेन (पिता मूलचंद सेन, निवासी महरौनी, जिला ललितपुर) ने बस की खिड़की से अपना सिर बाहर निकाला हुआ था। क्रॉसिंग के दौरान ट्रक की चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बस झांसी से टीकमगढ़ जा रही थी। ट्रक को किया गया जब्त घटना की सूचना मिलते ही दिगौड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। टक्कर मारने वाले ट्रक (नंबर MP 04 GA 3919) को बम्होरी के पास एक पेट्रोल पंप पर जब्त कर लिया गया। पुलिस ने क्या बताया? जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मृतक के परिजन को सूचित कर दिया है और मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।