समाचार · छत्तीसगढ़
कोंडागांव में दो बच्चों की मौत:अलीबेड़ा में 6 साल का मासूम तालाब में डूबा, करनपुर में डेढ़ साल की बच्ची कुएं में गिरी
कोंडागांव जिले में दो अलग-अलग हादसों में पानी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। फरसगांव थाना क्षेत्र के अलीबेड़ा गांव में 6 साल का बच्चा स्कूल से लौटने के बाद तालाब में नहाने गया था। वहां गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। वहीं करनपुर गांव में डेढ़ साल की बच्ची घर के आंगन में खेलते समय पास के कुएं में गिर गई। स्कूल से लौटकर तालाब में नहाने गया था पवन पहली घटना अलीबेड़ा गांव की है। मृतक की पहचान पवन नेताम (6), पिता सोनराज नेताम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह पवन स्कूल गया था। घर लौटने के बाद वह गांव के गंधरूराम मरकाम के खेत में बने तालाब में नहाने चला गया। इस दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ गई एक बालिका ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन तुरंत तालाब पहुंचे और पवन को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फरसगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आंगन में खेलते समय कुएं में गिरी बच्ची दूसरी घटना करनपुर गांव की है। यहां डेढ़ साल की बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान वह खेलते-खेलते पास के कुएं तक पहुंच गई और उसमें गिर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घर में कुछ देर पहले तक बच्ची की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां मातम छा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।