समाचार · छत्तीसगढ़
पिता ने बेटी से दुष्कर्म करके उसके बेटे को बेचा:16 साल की बेटी से 3 साल तक किया दुष्कर्म,डेढ़ लाख में बेटे को बेचा;बुआ–पिता सहित 6 गिरफ्तार
राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कलयुगी पिता अपनी ही 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ पिछले तीन सालों से लगातार दुष्कर्म कर रहा था। इस खौफनाक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता, बुआ और फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह की दो महिलाओं समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पहली बार गर्भवती होने पर कराया गर्भपात पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने दर्ज शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में अमलीडीह स्थित एक रिश्तेदार के घर में पिता ने उसे जबरन शराब पिलाई और मारपीट कर दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा, जिससे वह गर्भवती हो गई। जब पीड़िता ने यह बात अपनी बुआ को बताई, तो बुआ ने पिता का साथ दिया। दोनों ने पीड़िता के साथ मारपीट कर उसे जबरन गर्भपात की दवा खिला दी। फर्जी दस्तावेज से कराया प्रसव, नवजात को बेचा गर्भपात के बाद भी आरोपी पिता की हैवानियत नहीं रुकी। वर्ष 2025 में पीड़िता दोबारा गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपी उसे डॉक्टर वर्षा मंडल और उसकी परिचित गीता राय के पास ले गया। आरोपियों ने पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड बनाकर उसकी उम्र बालिग दिखाई और उसे शादीशुदा बताकर डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद आरोपियों ने नवजात शिशु को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। 6 आरोपी सलाखों के पीछे पीड़िता की रिपोर्ट पर न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी पिता, बुआ, रोहित राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता और बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।