समाचार · बिहार
नवादा में सवर्ण-यादव समाज की बैठक, भेदभाव और एनकाउंटर पर उठे सवाल; एकजुटता का लिया संकल्प

Savarna Yadav Samaj Meeting Nawada : नवादा के डॉ. श्रीकृष्ण स्मारक हॉल में आयोजित सवर्ण-यादव समाज की बैठक में सामाजिक एकजुटता के साथ-साथ बिहार की मौजूदा परिस्थितियों पर भी तीखी चर्चा हुई. बैठक में समाज के नेताओं ने भेदभाव, एनकाउंटर और सामाजिक सौहार्द जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी तथा समाज से एकजुट रहने की अपील की.
Nawada News : सामाजिक एकजुटता पर दिया गया जोर
प्रतिनिधि, नवादा. शहर के डॉ. श्रीकृष्ण स्मारक हॉल में रविवार को सवर्ण-यादव समाज की बैठक आयोजित की गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश कुमार श्री ने की. बैठक में समाज के लोगों के बीच आपसी मतभेद समाप्त कर भाईचारा, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई. वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती उसकी एकता में निहित है और सभी वर्गों को मिलकर आगे बढ़ना चाहिए.
पुरानी कटुता भुलाने की अपील
अध्यक्षीय संबोधन में राजेश कुमार श्री ने कहा कि वर्तमान समय में समाज के सभी वर्गों को पुरानी कटुता और मतभेद भुलाकर एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए. उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता के बल पर ही विकास, सम्मान और समाज की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है. उन्होंने सभी लोगों से संगठित होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया.
भेदभाव और एनकाउंटर को लेकर लगाए आरोप
बैठक के दौरान राजेश कुमार श्री ने आरोप लगाया कि बिहार में सवर्ण और यादव समाज के साथ अन्याय और भेदभाव हो रहा है. उन्होंने दावा किया कि एनकाउंटर के नाम पर निर्दोष लोगों की जान ली जा रही है तथा सरकार के शीर्ष नेतृत्व के कुछ बयानों से समाज में असंतोष का माहौल बना है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक नेताओं और उनके समर्थकों द्वारा सवर्ण एवं यादव समाज के साथ-साथ भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं.
लोकतांत्रिक तरीके से अधिकारों की रक्षा की अपील
वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से समाज को विभाजित कर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की जाती रही है. ऐसे में समाज के लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर सामाजिक सौहार्द बनाए रखना चाहिए और अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट रहना चाहिए. बैठक में संगठन की मजबूती और सामाजिक समरसता को लेकर कई सुझाव भी दिए गए.
इन लोगों ने रखे अपने विचार
बैठक में विशुनदेव यादव, मिथिलेश तिवारी, बिपिन बिहारी, राजेश कुमार यादव, दीपक यादव, सुरेंद्र यादव, रितेश सिंह, दिनेश अकेला, दिलीप सिंह, मनोज कपूर, संजय यादव, मुकेश सिंह, मुन्ना कुमार, मंटू सिंह, इंद्र कुमार सक्सेना, चांद सिंह, जीतू सिंह, रोशन कुमार, अवधेश सिंह और पप्पू सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने अपने विचार रखे.
सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का लिया संकल्प
बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया. साथ ही समाजहित के मुद्दों पर मिलकर काम करने और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने की बात कही.
Also Read : कैमूर में राजद ने मनाया 30वां स्थापना दिवस, तेजस्वी यादव ने जूम के माध्यम से कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद