national · महाराष्ट्र
मूसलाधार बारिश से मुंबई बेहाल, स्कूल-कॉलेज बंद, रुकी उड़ानें, दो लोगों की मौत

Mumbai Rains: मुंबई बारिश से बेहाल है. मानसून की भारी बारिश से नदी नाले उफान पर हैं. सड़कों में पानी भर गया है. कई जगहों पर पेड़ गिर रहे हैं. शनिवार और रविवार को बारिश के कारण पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई. पहला मामला कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके का है. जहां रविवार दोपहर हिंदी बीएमसी स्कूल के पास एक दुकान पर पेड़ गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई. वहीं, गोरेगांव पूर्व की आरे कॉलोनी में एक युवक अपनी मोटरसाइकिल से कही जा रहा था, इसी बीच पेड़ की एक शाखा उसके सिर पर गिर गई. उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. हादसा शनिवार को हुआ था, जिसकी जानकारी रविवार को सामने आई. इन दोनों मौतों के साथ ही पिछले एक सप्ताह से भी कम समय में मुंबई में पेड़ गिरने की घटनाओं में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है. इससे पहले 30 जून को चेंबूर में चलती स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत हो गई थी.
बारिश के कारण स्कूलों में छु्ट्टी
मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने सोमवार 6 जुलाई को शहर के सभी सरकारी, निजी और बीएमसी के स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी है. बीएमसी ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी रेड अलर्ट और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. हालांकि, सभी सरकारी और निजी कार्यालय सामान्य रूप से खुले रहेंगे.
मुंबई में मानसून का कहर, जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
देश के अधिकांश हिस्सों में रविवार को मानसून की बारिश होती रही, लेकिन सबसे अधिक असर मुंबई में देखने को मिला. रातभर हुई भारी बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया, सड़क यातायात प्रभावित हुआ और कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं. मौसम विभाग ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी रखते हुए अगले कुछ समय तक लगातार भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है.
एक घंटे तक बंद रहा एयरपोर्ट का रनवे
भारी बारिश और तेज हवाओं का असर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी पड़ा. रविवार सुबह करीब 10 बजे खराब मौसम, कम दृश्यता और 42 नॉट (करीब 78 किमी प्रति घंटे) की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं के कारण रनवे का संचालन लगभग एक घंटे के लिए रोक दिया गया. मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने बताया कि यात्रियों, विमानों और एयरपोर्ट कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया. रनवे बंद रहने के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुईं. इंडिगो की चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि विभिन्न एयरलाइनों की 13 उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया. बाद में सभी विमान सुरक्षित मुंबई लौट आए. मौसम में सुधार होने के बाद एक घंटे के भीतर उड़ानों का संचालन फिर से सामान्य कर दिया गया.
300 मिमी तक बारिश, कई इलाकों में जलभराव
बीएमसी के स्वचालित रेन गेज नेटवर्क के अनुसार, रविवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में मुंबई के कई इलाकों में 200 मिमी से अधिक और कुछ स्थानों पर 300 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई. सबसे अधिक 310.6 मिमी बारिश विक्रोली पश्चिम स्थित बिल्डिंग प्रपोजल ऑफिस में दर्ज हुई. इसके अलावा कोलाबा पंपिंग स्टेशन में 306.6 मिमी और विक्रोली के टैगोर नगर म्यूनिसिपल स्कूल में 301.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई.
Also Read: Rain Warning: 4 राज्यों में रेड अलर्ट, महाराष्ट्र में आफत की बरसात, मानसून का जारी है कहर
5,6,7,8,9,10,11 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश, 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी तूफानी हवा