समाचार · मध्य प्रदेश
बुरहानपुर में 24 घंटे से लगातार बारिश:ताप्ती का जलस्तर 218 मीटर पहुंचा, घाटों पर पुलिस-होमगार्ड तैनात
बुरहानपुर जिले में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। शनिवार रात भी शहर में बारिश का दौर जारी रहा, जिससे कई इलाकों में पानी भर गया। लगातार बारिश के कारण ताप्ती नदी का जलस्तर भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने नदी के घाटों पर पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात कर दिए हैं। ताप्ती का जलस्तर करीब 218 मीटर तक पहुंच गया है। हालांकि, यह अभी खतरे के निशान से नीचे है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस जवान शहर के नदी घाटों पर लगातार गश्त कर रहे हैं। अगले दो दिन बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, इंदौर और उज्जैन संभाग में मानसूनी सिस्टम सक्रिय है। इसके चलते बुरहानपुर जिले में अगले दो दिन भी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बारिश के कारण जिले का अधिकतम तापमान 31 डिग्री से घटकर 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री से गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस हो गया है। इस साल अब तक 825.4 मिमी बारिश जिले में 1 जून से अब तक 825.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। पिछले साल इसी अवधि तक 605.7 मिमी बारिश हुई थी। यानी इस बार पिछले साल की तुलना में अब तक 219.7 मिमी ज्यादा बारिश हो चुकी है। लगातार बारिश और ताप्ती के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन नदी-घाटों और निचले इलाकों पर नजर बनाए हुए है।