समाचार · उत्तर प्रदेश
यूपी में रविवार को खुलेंगे बैंक, ग्राहक निपटा लें जरूरी काम; फिर 3 दिन रहेगी हड़ताल, जानें किन सेवाओं पर पड़ेगा असर

UP Bank Strike: सोमवार से बुधवार तक बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल का असर आम ग्राहकों के रोजमर्रा के बैंकिंग काम पर पड़ सकता है. जमा-निकासी, नया खाता खोलने, ई-केवाईसी और ऋण से जुड़े काम प्रभावित रहेंगे. हालांकि, ग्राहकों को कुछ राहत देने के लिए रविवार को बैंक शाखाएं खोलने का निर्देश दिया गया है. ऐसे में जरूरी बैंकिंग काम निपटाने के लिए रविवार अहम दिन रहेगा.
28 से 30 सितंबर तक हड़ताल
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और अन्य लंबित मांगों को लेकर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक अधिकारी और कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल पर रहेंगे. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के संयोजक अनिल श्रीवास्तव के मुताबिक, पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को भारतीय बैंक संघ (IBA) पहले ही स्वीकार कर चुका है, लेकिन केंद्र सरकार की अनुमति नहीं मिलने से मामला लंबित है.
यूपी में हजारों करोड़ के लेनदेन पर असर
हड़ताल के चलते बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित होगा. फोरम के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी के अनुसार, हड़ताल से लखनऊ में रोजाना करीब 2,500 करोड़ रुपये और पूरे उत्तर प्रदेश में करीब 30 हजार करोड़ रुपये के लेनदेन प्रभावित होने की संभावना है. तीन दिनों में प्रदेश में करीब 7,500 करोड़ रुपये के लेनदेन पर असर पड़ सकता है. इससे पहले 25 सितंबर को बैंक कर्मचारी रैली निकालकर विरोध भी करेंगे.
यूपीआई और एटीएम से मिलेगी सीमित राहत
बैंक बंद रहने के दौरान ग्राहक यूपीआई और एटीएम का इस्तेमाल कर सकेंगे. हालांकि, इन सेवाओं के जरिए लेनदेन और नकद निकासी की अपनी सीमाएं हैं. रिपोर्ट के अनुसार, एटीएम से एक दिन में अधिकतम 40 हजार रुपये तक निकासी का प्रावधान है. वहीं, यूपीआई के जरिए एक लाख रुपये तक ट्रांसफर किया जा सकता है. एटीएम में नकदी की उपलब्धता भी लगातार बनी रहे, यह जरूरी नहीं है.
रविवार को बैंकिंग काम निपटाने का मौका
शनिवार-रविवार की छुट्टी और तीन दिन की हड़ताल के कारण लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी. इसे देखते हुए रविवार को बैंक खोलने का निर्देश दिया गया है. बैंक अपने खाताधारकों को संदेश भेजकर इसकी जानकारी भी दे रहे हैं. ग्राहकों के लिए रविवार को जमा-निकासी और जरूरी बैंकिंग काम निपटाना सुविधाजनक हो सकता है. हड़ताल के दौरान नया खाता खोलने, ई-केवाईसी, ऋण संबंधी काम, चेक, डिमांड ड्राफ्ट और बिल भुगतान जैसे कार्य प्रभावित रहेंगे.
Also Read: UP Constable Recruitment: 32,679 पदों के लिए PET एडमिट कार्ड का लिंक जारी, 1 अक्टूबर से परीक्षा, आखिरी वक्त पर काम आएगा ये हेल्पलाइन नंबर