Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पठानकोट में तीन महीने में उखड़ी इंटरलॉक टाइल्स:लोगों ने घटिया निर्माण का लगाया आरोप; विजिलेंस से शिकायत की तैयारी

INT News11 August 2026 at 05:39 pm

पठानकोट की न्यू एमसी मार्केट में बिछाई गई इंटरलॉक टाइल्स की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और दुकानदारों का आरोप है कि ये टाइल्स केवल तीन महीने में ही उखड़ने लगी हैं। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। इस मामले पर पूर्व पार्षद विक्की ने भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कई बार नगर निगम अधिकारियों को फोन कर इस संबंध में सूचित किया और मौके पर जांच की मांग की। हालांकि, उनकी शिकायत के बावजूद नगर निगम का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अभी तक मौके पर निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचा है। पूर्व पार्षद विक्की ने जोर देकर कहा कि यदि सार्वजनिक स्थानों पर करवाए गए निर्माण कार्य कुछ ही महीनों में खराब होने लगें, तो उनकी गुणवत्ता की जांच आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि यह पता लगाया जाए कि न्यू एमसी मार्केट में इंटरलॉक टाइल्स का काम किस विधि से किया गया, इसमें किस गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग हुआ और क्या निर्धारित मापदंडों का पालन किया गया था। विक्की ने बताया कि नगर निगम को इस मामले में गंभीरता दिखानी चाहिए थी और मौके पर जांच करवानी चाहिए थी, लेकिन बार-बार सूचित करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब वह इस मामले की शिकायत विजिलेंस विभाग में दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि पूरे काम की निष्पक्ष जांच हो सके और निर्माण कार्य में किसी भी अनियमितता या लापरवाही का खुलासा हो सके। पूर्व पार्षद बोले- गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए पूर्व पार्षद ने इस बात पर भी जोर दिया कि सार्वजनिक धन से होने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में निर्माण कार्य में खामियां या अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। इस बीच, स्थानीय दुकानदारों और निवासियों ने भी नगर निगम अधिकारियों से मौके का निरीक्षण करने और उखड़ी हुई टाइल्स की मरम्मत या उन्हें बदलने की मांग की है। इंटरलॉक टाइल्स की स्थिति का जायजा लें। साथ ही पूरे निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन का सही इस्तेमाल सुनिश्चित हो सके। फिलहाल पूर्व पार्षद विक्की की ओर से विजिलेंस में शिकायत देने की बात कही गई है। शिकायत के बाद जांच में ही स्पष्ट हो सकेगा कि टाइल्स के उखड़ने की वास्तविक वजह क्या है और निर्माण कार्य में इस्तेमाल किए गए मैटिरियल की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप थी या नहीं।