समाचार · मध्य प्रदेश
तेज बहाव में पुलिया पार कर रही कार बही:मंडला में ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर तीनों युवकों को बचाया
मंडला जिले के नैनपुर क्षेत्र के बंधा गांव में गुरुवार रात कार तेज बहाव में बह गई। पुलिया निर्माणाधीन होने के बावजूद तीन युवक कार निकालने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को सुरक्षित बचा लिया। जानकारी के अनुसार, नैनपुर निवासी दुष्यंत, आयान और विपिन अपनी आर्टिगा कार से नैनपुर की ओर आ रहे थे। बंधा गांव में पुलिया का निर्माण चल रहा है और नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। मौके पर मौजूद ग्रामीण तीनों युवकों को बचाया इसके बावजूद, युवकों ने कार से पुलिया पार करने की कोशिश की। इसी दौरान, पानी के तेज बहाव में कार बहने लगी और कुछ दूर जाकर बंद होकर फंस गई। इससे कार में सवार तीनों युवकों की जान खतरे में पड़ गई। घटना देखते ही मौके पर मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर कार में फंसे तीनों युवकों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। प्रशासन ने सावधानी बरतने की अपील घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और 112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई। बाद में ग्रामीणों के सहयोग से कार को भी बंधा नाले से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों की समय पर मदद मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने बाढ़ के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।