समाचार · मध्य प्रदेश
झाड़ियों में बोरी में बंद मिला युवक का शव:BHEL गेट नंबर-8 के पास 4-5 दिन पुरानी मिली लाश; शरीर पर गंभीर चोटों के निशान
भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर BHEL गेट नंबर-8 के पास झाड़ियों में बोरी में बंद एक युवक का शव मिला। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि शव करीब 4 से 5 दिन पुराना है। शव की स्थिति और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इसे संदिग्ध मानकर जांच में जुट गई है। पहचान में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा सूचना मिलने के बाद गोविंदपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा दूसरे माध्यमों से भी मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। शरीर पर चोटों के निशान, हत्या की आशंका पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। CCTV फुटेज और साक्ष्यों की जांच पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। BHEL गेट और आसपास के मुख्य रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है।