समाचार · हरियाणा
झज्जर वंदे मातरम के अनादर पर भाजपा का कैंडल मार्च:कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग,राष्ट्रीय सम्मान प्रतीकों की गरिमा से समझौता नहीं
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के कथित अनादर को लेकर झज्जर जिला भाजपा ने बहादुरगढ़ में कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रगीत के सम्मान और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों की स्मृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। प्रदेशाध्यक्ष के निर्देश पर निकाला कैंडल मार्च भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के निर्देश पर जिला भाजपा अध्यक्ष विकास बाल्मीकि की अगुवाई में बहादुरगढ़ में कैंडल मार्च निकाला गया। कार्यकर्ता हाथों में मोमबत्तियां लेकर वंदे मातरम और राष्ट्रभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों की गरिमा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। वंदे मातरम स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा का प्रतीक भाजपा जिलाध्यक्ष विकास बाल्मीकि ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति और देश के स्वाभिमान का अमर प्रतीक है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत ने असंख्य देशभक्तों में देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की भावना जगाई थी। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रगीत के प्रति किसी भी प्रकार का अनादर देशवासियों की भावनाओं को आहत करता है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ नेत्री सोनिया गांधी को पूरे मामले पर देश के सामने स्पष्ट स्पष्टीकरण देना चाहिए और कथित अनादर के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। राष्ट्रीय सम्मान किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं भाजपा के जिला प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता हरविंद कोहली ने कहा कि जिस वंदे मातरम की प्रेरणा से स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और असंख्य वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया, उसके सम्मान को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत का सम्मान किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं है। यह देश की राष्ट्रीय भावना और स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत से जुड़ा विषय है। राष्ट्रीय प्रतीकों की गरिमा से समझौता नहीं विकास बाल्मीकि ने कहा कि भाजपा राष्ट्र के सम्मान, राष्ट्रीय प्रतीकों की गरिमा और देश के वीर बलिदानियों की विरासत से कोई समझौता नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े विषयों पर प्रत्येक राजनीतिक दल और नेता को संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। ये रहे मौजूद कैंडल मार्च में कप्तान बिरधाना, संजय कबलाना, दिनेश कौशिक, चेयरपर्सन सरोज राठी, परमिंदर जांगड़ा, रवि बरही, विनोद कौशिक, नरेश भारद्वाज, सोनू मान, राजपाल जांगड़ा, दिनेश शेखावत, हरीश दलाल, नकुल चोपड़ा और जिला मीडिया प्रभारी गीतांशु चावला सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।