Monday, 23 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

पाकिस्तान के खिलाफ भी फ्लॉप रहे वैभव सूर्यवंशी, दो मैच में बनाए सिर्फ 37 रन

INT News22 November 2026 at 10:19 pm

Vaibhav Sooryavanshi: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला अब तक खामोश नजर आया है. नेपाल के खिलाफ निराश करने के बाद पाकिस्तान ए के खिलाफ भी भारतीय युवा बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. ग्रुप बी के आठवें मुकाबले में वैभव सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए. उनसे भारतीय टीम को आक्रामक शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन वह चौथे ओवर में ही अपना विकेट गंवा बैठे. लगातार दूसरे मैच में उनके सस्ते में आउट होने से फैंस को निराशा हाथ लगी है.

दो चौके लगाने के बाद भी नहीं टिक सके वैभव

पाकिस्तान ए के खिलाफ पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआती गेंदों पर आक्रामक रुख अपनाया और दो चौके भी लगाए. हालांकि, वह अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके. पारी के 3.3 ओवर में तेज गेंदबाज मोहम्मद इमरान रंधावा ने उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया.

रंधावा की गेंद पर वैभव ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले से लगकर हवा में चली गई. अब्दुल समद ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की. इस तरह वैभव की पारी 13 गेंदों पर 11 रन के स्कोर पर समाप्त हो गई. उनके बल्ले से दो चौके निकले.

आउट होने के बाद मैदान पर हुई नोकझोंक

विकेट गंवाने के बाद पवेलियन लौटते समय वैभव सूर्यवंशी और पाकिस्तान ए के कुछ खिलाड़ियों के बीच कहासुनी भी देखने को मिली. मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ी पहले से ही आक्रामक अंदाज में नजर आ रहे थे. भारतीय टीम की गेंदबाजी के दौरान भी मैदान पर खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी. पाकिस्तान ए की गेंदबाजी के समय भी यह माहौल बरकरार रहा.

ये भी पढ़ें: IND A vs PAK A: आउट होने के बाद पाक प्लेयर ने हर्षित को दिखाई आंख, राणा ने दिया करारा जवाब, देखें Video

नेपाल के खिलाफ भी नहीं खेल पाए थे बड़ी पारी

पाकिस्तान ए से पहले नेपाल के खिलाफ मुकाबले में भी वैभव का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला था. उस मैच में उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की थी. शुरुआत में अच्छी लय में नजर आने के बावजूद वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके और 32 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हो गए थे. इस दौरान उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया था.

नेपाल के खिलाफ सेट होने के बाद विकेट गंवाने वाले वैभव पाकिस्तान ए के खिलाफ भी अपनी शुरुआत को भुनाने में नाकाम रहे.

दो मैचों में 37 रन, वैभव को बड़ी पारी का इंतजार

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के शुरुआती दो मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने कुल 37 रन बनाए हैं. नेपाल के खिलाफ उनके बल्ले से 26 रन निकले थे, जबकि पाकिस्तान ए के खिलाफ वह 11 रन ही बना सके. इन दोनों पारियों में उन्होंने कुल 45 गेंदों का सामना किया और पांच चौके व एक छक्का लगाया.

अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले वैभव से हर मुकाबले में बड़ी पारी की उम्मीद रहती है. हालांकि, टूर्नामेंट के शुरुआती दोनों मैचों में वह ऐसा करने में सफल नहीं रहे हैं. अब भारतीय फैंस को अगले मुकाबले में उनकी दमदार वापसी का इंतजार रहेगा.

ये भी पढ़ें: IND A vs PAK A: टॉस जीतकर भी हार गया भारत! पाकिस्तानी कप्तान ने उठाए सवाल, मैच रेफरी को बदलना पड़ा फैसला