समाचार · मध्य प्रदेश
टीकमगढ़ में 24 घंटे में 1.5 इंच औसत बारिश:बान सुजारा बांध का तीसरा गेट खोला; 198 घन मीटर प्रति सेकंड पानी छोड़ा
टीकमगढ़ जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान औसत 1.5 इंच बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण बान सुजारा बांध का जलस्तर बढ़ गया है, जिसके चलते सोमवार को दो गेट खोलने के बाद आज तीसरा गेट भी खोला जा रहा है। इन गेटों से 198 घन मीटर प्रति सेकंड पानी धसान नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी का जलस्तर 4 से 6 फीट तक बढ़ने की संभावना है। पलेरा में ढाई इंच बारिश, कई क्षेत्रों में दो इंच सावन के दूसरे पखवाड़े में जिले में मानसून सक्रिय है और पिछले छह दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बीते 24 घंटे में पलेरा तहसील में सर्वाधिक 60 मिलीमीटर (लगभग ढाई इंच) बारिश दर्ज की गई। वहीं, टीकमगढ़, बल्देवगढ़ और खरगापुर में दो-दो इंच बारिश हुई। जिले में अब तक कुल 24.9 इंच औसत बारिश हो चुकी है। हालांकि, पिछले साल इसी अवधि तक 48.2 इंच औसत बारिश रिकॉर्ड की गई थी। किसानों ने बताया है कि लगातार हो रही बारिश से उड़द की फसल को नुकसान पहुंच रहा है। धसान नदी का जलस्तर 4 से 6 फीट बढ़ने की संभावना बान सुजारा बांध के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) आर.एस. शेजवार ने जानकारी दी कि धसान नदी में पानी की आवक बढ़ने के कारण बांध का जलस्तर निर्धारित सीमा से ऊपर जा रहा है। बांध की सुरक्षा को देखते हुए आज एक और गेट खोला जा रहा है, जिससे कुल तीन गेट खुले रहेंगे। प्रत्येक गेट को 0.50 मीटर तक खोलकर नदी में लगभग 198 घन मीटर प्रति सेकंड पानी सुरक्षित रूप से छोड़ा जाएगा। प्रबंधन ने बताया कि वर्तमान में बान सुजारा बांध 78.88 प्रतिशत भर चुका है। धसान नदी से बांध में पानी की आवक 180 घन मीटर प्रति सेकंड बनी हुई है। पानी की आवक लगातार बढ़ने पर खोले गए गेटों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। आमजन से अनुरोध किया गया है कि वे नदी क्षेत्र से दूर रहें और सावधानी बरतें।