Monday, 23 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

पाकिस्तानी मंत्री आतंकवाद पर दिल्ली में बोले- सबूत लेकर आइए, हम भी रखेंगे अपने सबूत

INT News22 November 2026 at 07:46 pm

भारत दौरे पर आए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने आतंकवाद के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है. दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच आतंकवाद को लेकर होने वाली किसी भी चर्चा का आधार सबूत होने चाहिए. उन्होंने दोनों देशों के बीच पारदर्शी बातचीत की वकालत करते हुए कहा कि भारत अपने सबूत रखे और पाकिस्तान भी अपने सबूत पेश करेगा.

पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि आतंकवाद जैसे गंभीर मुद्दे पर किसी भी तरह की बातचीत तथ्यों और सबूतों के आधार पर होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मामले को केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रखने के बजाय पारदर्शी तरीके से सुलझाने की कोशिश होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि वे एक-दूसरे के सामने अपने सबूत और तथ्य रख सकें. उन्होंने कहा कि इस आधार पर हर मुद्दे पर चर्चा की जा सकती है और क्षेत्र में आतंकवाद से मिलकर मुकाबला करने का रास्ता निकाला जा सकता है.

'हमारे हजारों लोग आतंकवाद के शिकार हुए हैं'

मुसादिक मसूद मलिक ने आतंकवाद को पूरे क्षेत्र की गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि पाकिस्तान के हजारों नागरिक भी चरमपंथ और आतंकवाद का शिकार हुए हैं. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है. उन्होंने जोर देकर कहा कि आतंकवाद से निपटने में पाकिस्तान की भी बड़ी हिस्सेदारी है. उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान तभी संभव है, जब सभी पक्ष पारदर्शिता के साथ अपने तथ्य सामने रखें और मिलकर काम करें.

पाक मंत्री बोले- पहले न्योता दीजिए

भारत के साथ बातचीत को लेकर पूछे गए सवाल पर पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि जब भारत उन्हें द्विपक्षीय चर्चा के लिए आमंत्रित करेगा, तब वह बातचीत के लिए मौजूद रहेंगे. उन्होंने कहा, 'आप मुझे उन खास मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलाइए. पहले निमंत्रण दीजिए और बताइए कि आप द्विपक्षीय बातचीत करना चाहते हैं. मैं चर्चा के लिए आऊंगा और आपके सभी सवालों का जवाब दूंगा.'

SCO कार्यक्रम में शामिल होने दिल्ली पहुंचे हैं मुसादिक मलिक

पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने के लिए भारत आए हैं. उनकी यह यात्रा भारत और पाकिस्तान के रिश्तों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें: मणिपुर टू अफ्रीका: न खाना, न आराम... 101 घंटे की उड़ान, 5700 KM दूर जा पहुंचा नन्हा पक्षी