sports
10 महीने में दूसरी बार नामीबिया ने दक्षिण अफ्रीका को दी मात, ट्राई सीरीज में जीत से किया आगाज

Namibia vs South Africa: नामीबिया ने एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका को चौंका दिया है. विंडहोक में शुक्रवार को खेले गए ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में नामीबिया ने दक्षिण अफ्रीका को 18 रन से हराकर इतिहास रच दिया.
यह सिर्फ एक उलटफेर नहीं था, क्योंकि पिछले 10 महीने में नामीबिया ने दूसरी बार प्रोटियाज को शिकस्त दी है. पिछली बार आखिरी गेंद पर मिली जीत के बाद इस बार नामीबिया ने पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा.
खास बात यह रही कि इस बार दक्षिण अफ्रीका की टीम में कई सीनियर खिलाड़ी मौजूद थे. इसके बावजूद नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया. इससे उसकी पिछली जीत को महज संयोग मानने वालों को भी जवाब मिला है.
ये भी पढ़ें: Women's Asia Cup 2026: भारत-पाकिस्तान समेत 8 टीमें तैयार, देखें पूरा स्क्वॉड, शेड्यूल और A टू Z डिटेल्स
फ्रिलिंक ने दिलाई तेज शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया को जान फ्रिलिंक और लॉरेन स्टीनकैंप ने शानदार शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों पर दबाव बनाया. फ्रिलिंक ने 38 गेंदों में 60 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि स्टीनकैंप ने 29 गेंदों पर 41 रन बनाए.
हालांकि, बीच के ओवरों में दक्षिण अफ्रीका ने वापसी की. ब्योर्न फोर्टुइन ने 2 और प्रेनेलन सुब्रायेन ने 3 विकेट लेकर नामीबिया को मुश्किल में डाल दिया. एक समय टीम ने सिर्फ 17 रन के अंदर पांच विकेट गंवा दिए थे. इसके बावजूद निचले क्रम ने उपयोगी रन जोड़कर टीम को 20 ओवर में 163/9 तक पहुंचा दिया.
ये भी पढ़ें: Forbes India List 2026: विराट कोहली सबसे महंगे सेलिब्रिटी, धोनी-सचिन भी टॉप-10 में; देखें पूरी लिस्ट
ब्रेविस की पारी भी नहीं दिला सकी जीत
164 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही. ट्रम्पेलमैन, जैक ब्रासेल और मैक्स हींगो ने शुरुआती विकेट लेकर मेहमान टीम पर दबाव बना दिया. 39 रन तक दक्षिण अफ्रीका के तीन विकेट गिर चुके थे.
इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 50 गेंदों में 75 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदें जिंदा रखीं. उन्होंने कई शानदार बाउंड्री लगाईं, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें लगातार सहयोग नहीं मिला. नामीबिया के गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में दबाव बनाए रखा और दक्षिण अफ्रीका को 20 ओवर में 145/9 रन पर रोक दिया.
ट्रम्पेलमैन-स्मिट ने किया कमाल
नामीबिया की जीत के सबसे बड़े नायक रूबेन ट्रम्पेलमैन और जेजे स्मिट रहे. ट्रम्पेलमैन ने 3/24 और स्मिट ने 3/33 के आंकड़े दर्ज किए. इस जीत ने साबित किया कि नामीबिया अब बड़ी टीमों के खिलाफ सिर्फ उलटफेर करने वाली टीम नहीं रह गई है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 10 महीने में दो जीत उसकी बढ़ती प्रतिस्पर्धी क्षमता का संकेत हैं. ट्राई सीरीज में जिम्बाब्वे भी शामिल है और ऐसे में नामीबिया ने टूर्नामेंट की शुरुआत ही बड़े आत्मविश्वास के साथ की है.
ये भी पढ़ें: ENG vs PAK: लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने कसा शिकंजा, रॉबिन्सन-आर्चर के आगे 110 रन पर सिमटा पाकिस्तान