समाचार · पंजाब
तरनतारन में केंद्रीय जेल में मनाया गया रक्षाबंधन:बहनों के लिए विशेष प्रबंध, कैदियों को ईमानदारी से जीवन जीने का संदेश
पंजाब सरकार और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जेल) आरके जायसवाल के दिशानिर्देशों पर केंद्रीय जेल गोइंदवाल साहिब और सब जेल पट्टी में रक्षाबंधन का त्योहार मनाया गया। इस दौरान कैदियों की बहनों ने जेल पहुंचकर अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाई। केंद्रीय जेल गोइंदवाल साहिब में जेल प्रशासन ने मुलाकातियों के लिए विशेष व्यवस्था की थी। इससे बहनों को राखी बांधने और भाइयों से मिलने में कोई असुविधा नहीं हुई। जेल सुपरिटेंडेंट मनजीत सिंह टिवाना ने इस अवसर पर सभी कैदियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। सब जेल पट्टी में भावुक पल सब जेल पट्टी में भी यह त्योहार श्रद्धा के साथ मनाया गया। राखी बांधने के दौरान कई कैदी और उनकी बहनें भावुक हो गए। जेल प्रशासन ने मुलाकातियों के लिए परिसर और देवरी में कुर्सियां, पंखे और पीने के पानी के उचित इंतजाम किए थे। सुपरिटेंडेंट का ईमानदारी से जीने का संदेश सब जेल पट्टी के सुपरिटेंडेंट इंदरप्रीत सिंह ने कैदियों को अपराध का रास्ता छोड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कैदियों से अपील की कि वे जेल से रिहा होने के बाद अपना शेष जीवन मेहनत और ईमानदारी से बिताएं। इस मौके पर जेल प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट सतनाम सिंह, स्टोर कीपर जतिंदर, वेलफेयर ऑफिसर गुरजीत सिंह, अतिरिक्त सुपरिटेंडेंट जतिंदरपाल सिंह, गुरजंत सिंह और डिप्टी सुपरिटेंडेंट गुरमेज सिंह शामिल थे।