समाचार · पश्चिम बंगाल
कोलकाता : इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, 24 घंटे में दूसरी बार मिला संदेश

कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगातार दूसरे दिन बम की धमकी मिली है. शनिवार को फुकेत से कोलकाता पहुंची एक फ्लाइट के टॉयलेट में धमकी भरा संदेश लिखा हुआ था.
फ्लाइट के टॉयलेट में लिखा था धमकी वाला संदेश
कोलकाता एयरपोर्ट पर शनिवार को फुकेत से पहुंची एक फ्लाइट के टॉयलेट में बम की धमकी वाला संदेश मिला. संदेश की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू कर दी. विमान को सामान्य पार्किंग इलाके से हटाकर आइसोलेशन बे में ले जाया गया. इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, ताकि विमान की पूरी तरह जांच की जा सके.इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने विमान के अंदर मौजूद सामान और अन्य हिस्सों की तलाशी ली.
ये भी पढ़ें: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बम की धमकी, टॉयलेट में मिला संदेश
एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, जांच में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), बम निरोधक दस्ते और एयरपोर्ट पुलिस की टीम शामिल थी. सभी जरूरी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया लेकिन तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. अधिकारियों को शुरुआती तौर पर आशंका है कि धमकी भरा संदेश दहशत फैलाने के इरादे से लिखा गया हो सकता है. हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है. जांच एजेंसियां संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं.
शुक्रवार को भी मिला था धमकी भरा नोट
कोलकाता एयरपोर्ट पर बम की धमकी मिलने की यह घटना शुक्रवार को सामने आए मामले के एक दिन बाद हुई है. शुक्रवार को एयरपोर्ट के महिलाओं के शौचालय में हाथ से लिखा एक नोट मिला था. इस नोट में बोर्डिंग गेट पर बम होने की धमकी दी गई थी. लगातार दो दिनों तक धमकी से जुड़ी घटनाएं सामने आने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और कड़ी कर दी है. सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की जांच कर रही हैं. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शुक्रवार और शनिवार को मिले धमकी भरे संदेशों के बीच कोई संबंध है या नहीं. जांच पूरी होने के बाद ही इस बारे में स्थिति साफ हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: Video : फारूक अब्दुल्ला ने कहा- पाकिस्तान कर रहा कश्मीरियों की रक्षा, दिल्ली से उम्मीद भी नहीं; BJP ने किया पलटवार
सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों की सूची की जांच
विधाननगर सिटी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, धमकी भरा संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए यात्रियों की सूची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदेश किसने लिखा और किस समय लिखा गया. फिलहाल, एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है.