समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर में 30 हजार का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर घिरा:चार दिन में जंगल से 2 साथी पकड़े, पुलिस ने सर्चिंग बढ़ाई
ग्वालियर में एक साल से पुलिस को चकमा दे रहा तीस हजार रुपए का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर पर शिकंजा अब कसता जा रहा है। चार दिन में जंगल से डकैत का दूसरा साथी भी पुलिस के हाथ लग गया है। दो बदमाश अभी तक पकड़े जा चुके हैं। यह कल्ली गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और कुछ दिन पहले आगरा-मुम्बई नेशनल हाईवे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना में शामिल था। डकैत कल्ली और उसके छह से सात साथियों की तलाश में लगातार पुलिस की टीम जंगल में सर्चिंग कर रही थी। 15 दिन से पुलिस कर रही है सर्चिंग एसडीओपी घाटीगांव शैलेन्द्र शर्मा ने बताया कि पंद्रह दिन पहले डकैतों ने कंटेनर पर फायरिंग की थी। इसके बाद से ही घाटीगांव पुलिस सहित पनिहार, मोहना, तिघरा, आरोन और गिरवाई थाना पुलिस जंगल में सर्चिंग कर रही थीं। आठ दिन पहले पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर कल्ली के साथी अजय उर्फ दुर्लभ गोस्वामी वीरेन्द्र निवासी मुरैना को कैंट रोड रेलवे ब्रिज के पास से पकड़ा था। इसके बाद से ही पुलिस टीम जंगल की घेराबंदी कर सर्चिंग कर रही है। शनिवार सुबह एक अन्य आरोपी भी जंगल में घेराबंदी में मिला है। पुलिस पूछताछ में उसकी पहचान अजय पुत्र लालसिंह गुर्जर 28 साल निवासी लेहर थाना दिमनी हाल शिकारपुर फाटक के पास मुरैना के रूप में हुई है। पुलिस की टीमें पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर कल्ली की जानकारी जुटाने में लग गई है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह कल्ली का साथी है और कंटेनर के टायर बर्स्ट करते समय वह भी उसके साथ था। कल्ली उसे यहां पर छोड़कर जंगल के रास्ते भागा है, अब पुलिस ने इस इलाके में आगे बढ़ना शुरू कर दिया है। घाटीगांव में की थी फायरिंग बता दें कि डकैत कल्ली गुर्जर ने भोपाल के एक कंटेनर चालक से रंगदारी मांगी और रंगदारी न देने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर कंटेनर के सभी टायर बर्स्ट कर दिए। जिस डकैत ने इस घटना को अंजाम दिया है, वह मामूली डकैत नहीं है, बल्कि तीस हजार रुपए का इनामी कल्ली गुर्जर है, बीते साल उसने डकैत योगी गुर्जर के साथ तिघरा इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद एक गर्भवती को अगवा कर ले जाने के बाद डकैत ने पुलिस कर्मियों पर गोलियां चलाई थीं। डीआईजी ने बढ़ाया 20 हजार का इनाम डकैत कल्ली गुर्जर पर चंबल से 30 हजार रुपए का नकद इनाम है। ग्वालियर में लगातार उसके मूवमेंट और वारदातों के बाद से ग्वालियर पुलिस ने उस पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। डीआईजी ग्वालियर रेंज असित यादव ने डकैत कल्ली गुर्जर पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। साथ ही पुलिस की टीमों को जंगल में लगातार सर्चिंग के लिए निर्देशित किया गया है। एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने बताया- कल्ली गुर्जर गिरोह के एक सदस्य को घाटीगांव थाना पुलिस ने पकड़ा है। बदमाश से पूछताछ की जा रही है, जिससे कल्ली गुर्जर को दबोचा जा सके। पुलिस की कई टीमें कल्ली की तलाश में लगी हैं। हम उसके नजदीक हैं और जल्द ही वह पकड़ा जाएगा।