Tuesday, 4 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मल्हारगढ़ में कांग्रेस ने 'मृत सड़क' को दी श्रद्धांजलि:गड्ढों से भरी सड़क पर प्रदर्शन, डिप्टी सीएम पर भ्रष्टाचार के आरोप

INT News3 August 2026 at 10:14 pm

मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ से नारायणगढ़ के बीच करीब 9 किलोमीटर लंबी सड़क की खराब स्थिति को लेकर कांग्रेस ने सोमवार शाम अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गड्ढों में तब्दील सड़क पर सफेद कफन ओढ़ाकर, पुष्पमाला और फूल चढ़ाए। उन्होंने अगरबत्ती लगाई और दो मिनट का मौन रखकर प्रतीकात्मक रूप से "मृत सड़क" को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस सचिव परशुराम सिसोदिया, जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा, कांग्रेस नेता अजित कुमठ, बाबूखा मेवाती, रामचंद्र करुण और नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष पाटीदार ने किया। प्रदेश कांग्रेस सचिव परशुराम सिसोदिया ने आरोप लगाया कि मल्हारगढ़-नारायणगढ़ सड़क का निर्माण हुए अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन क्षेत्र में सड़कों का नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का जाल बिछाया गया है। सिसोदिया ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई निर्माण कार्य गुणवत्ता के अभाव और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए हैं। उन्होंने मल्हारगढ़ अस्पताल की निर्माणाधीन बिल्डिंग के कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में निर्माण कार्यों सहित विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार हावी है। उनका आरोप है कि सड़कों और अन्य निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। कांग्रेस नेता अजित कुमठ ने कहा कि भाजपा कांग्रेस पर विकास कार्य नहीं करने के आरोप लगाती है, जबकि कांग्रेस शासन में बनी इमारतें आज भी सुरक्षित हैं। वहीं, बाबूखा मेवाती ने भाजपा पर भ्रष्टाचार और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच कराई जाएगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामचंद्र करुण, कैलाश बंगारिया, राहुल अहीर, नेमीचंद डाका, प्रवीण पाटीदार, भोलाभाई, गणेशराम परिहार, विशाल टेलर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।