समाचार · पंजाब
पठानकोट में जलालिया और उज्ज दरिया उफान पर:बामियाल सेक्टर में बाढ़ जैसी स्थिति, सड़कों पर बह रहा पानी, लोगों को निकलना मुश्किल
भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे बामियाल सेक्टर में एक बार फिर बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बीती रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण सीमावर्ती क्षेत्र से गुजरने वाले जलालिया और उज्ज दरिया पूरी तरह उफान पर हैं। जलालिया दरिया का पानी बामियाल की मुख्य सड़क के ऊपर से बहने लगा है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़क पर चढ़ा जलालिया का पानी, राहगीरों का संपर्क कटा जम्मू-कश्मीर के पहाड़ों से निकलकर पंजाब के बामियाल सेक्टर में प्रवेश करने वाले दोनों दरिया इस समय अपने पूरे वेग से बह रहे हैं। जलालिया नाले का जलस्तर अचानक बढ़ने से पानी मुख्य सड़क के ऊपर आ गया है, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय राहगीरों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, जलभराव के कारण सीमावर्ती गांवों का संपर्क कटने का खतरा मंडराने लगा है। उज्ज दरिया के विकराल रूप से किसानों की चिंता बढ़ी उज्ज दरिया में भी पानी का स्तर बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है। तटवर्ती इलाकों में रहने वाले किसानों को अपनी धान व अन्य फसलों के बह जाने और खेतों में जलभराव के कारण फसलें बर्बाद होने का डर सता रहा है। रावी नदी में मिलेगा पानी, निचले इलाकों में अलर्ट की स्थिति उल्लेखनीय है कि जलालिया और उज्ज दरिया आगे जाकर रावी दरिया के 'मकौड़ा पत्तन' में मिलते हैं। दोनों दरियाओं में पानी की भारी आवक के कारण रावी नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे पंजाब के निचले और तटीय इलाकों में बाढ़ और नुकसान की आशंका बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को उफान पर बहते दरियाओं के पास न जाने की सलाह दी गई है।