national · दिल्ली
भारत दौरे पर नेपाल के PM बालेंद्र शाह, जयशंकर से मिले; 23 नवंबर को मोदी के साथ करेंगे बाइलेटरल मीटिंग

नई दिल्ली पहुंचने पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया. विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस यात्रा को भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने का अवसर बताया है.
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का नई दिल्ली में स्वागत है. यह यात्रा दोनों पड़ोसी देशों के बीच ऐतिहासिक और बहुआयामी साझेदारी को नई मजबूती देने का अवसर प्रदान करेगी.
सोमवार को PM मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 से 23 नवंबर तक भारत के दौरे पर हैं. सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी. इस दौरान दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे. साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे.
शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे. नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खानाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजनकर और वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है.
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को बताया था कि सोमवार को दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी. इसके बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने नेपाली समकक्ष और उनके 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में दोपहर के भोज का आयोजन भी करेंगे.
ये भी पढ़ें: 'प्रचंड' और 'ओली' के चलन को छोड़ा, पहली यात्रा के लिए चुना भारत; जानिए PM Balen Shah के आने का मतलब
कनेक्टिविटी और ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं पर होगा जोर
भारत और नेपाल के बीच इस यात्रा के दौरान कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन होने की उम्मीद है. इसके अलावा भविष्य की परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जा सकती है.
दोनों देशों के बीच बातचीत में व्यापार, परिवहन, निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास सहित आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा. शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में भी कई समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान होने की संभावना है.
इस दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन किया जाएगा. इसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश को बढ़ावा देना और दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों को आपसी सहयोग के नए अवसर तलाशने के लिए मंच उपलब्ध कराना है.
भारत-नेपाल के रिश्ते ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत और नेपाल के बीच संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ-साथ दोनों देशों के लोगों के आपसी रिश्तों पर आधारित हैं.
पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार, वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा, जल संसाधन और भौतिक एवं डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार हुआ है.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि बालेंद्र शाह की यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय बातचीत की परंपरा को आगे बढ़ाती है. साथ ही यह भारत की 'नेबरहुड फर्स्ट' (पड़ोसी प्रथम) नीति के तहत नेपाल के साथ साझेदारी को दिए जाने वाले महत्व को भी दर्शाती है.
दो दिवसीय यात्रा के दौरान दोनों देश आपसी सहयोग की प्रगति की समीक्षा करेंगे और साझा हितों से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेंगे.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी के बुलावे पर भारत आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, ऊर्जा और निवेश पर करेंगे चर्चा