Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

परसदा-केराझर वाटरफॉल में लोगों के जाने पर रोक:रायगढ़ कलेक्टर ने जारी किया आदेश, जाने वाले रास्तों पर होगी बैरिकेडिंग

INT News26 August 2026 at 09:15 am

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के परसदा-केराझर वाटरफॉल में आखिरकार आम लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई है। 6 अगस्त को डिजिटल ने इस वाटरफॉल की खबर प्रकाशित की थी। इसमें बताया गया था कि युवक 25-30 फीट ऊंचाई से छलांग लगा रहे हैं। इसके बाद कलेक्टर ने यहां आम लोगों के जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। साथ ही वाटरफॉल में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिले में पर्यटन स्थलों पर बढ़ती लापरवाही और हादसों की आशंका को देखते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने परसदा-केराझर वाटरफॉल और उसके आसपास के क्षेत्र में आम लोगों और पर्यटकों के प्रवेश पर तुरंत रोक लगा दी है। कलेक्टर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। यह आदेश अगले आदेश तक लागू रहेगा। प्रशासन को जानकारी मिली है कि परसदा-केराझर वाटरफॉल में कुछ युवा सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। करीब 30 फीट ऊंचे झरने की फिसलन वाली चट्टानों से पानी में छलांग लगाने जैसे खतरनाक स्टंट किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने वाटरफॉल क्षेत्र को खतरनाक क्षेत्र मानते हुए यह आदेश जारी किया है। वाटरफॉल और पहुंच के रास्ते ‘नो गो जोन’ जारी आदेश के अनुसार परसदा-केराझर वाटरफॉल और उसके आसपास के सभी क्षेत्रों में आम लोगों, पर्यटकों, युवाओं और छात्र-छात्राओं के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।वाटरफॉल की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों और वन क्षेत्र की पगडंडियों को ‘नो गो जोन’ घोषित किया गया है। पिकनिक, रील या वीडियो बनाने, सेल्फी लेने और किसी भी तरह के स्टंट के लिए भी इस क्षेत्र में जाना प्रतिबंधित रहेगा। बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश कलेक्टर ने पुलिस विभाग को वाटरफॉल की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस चेक पोस्ट और बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छुट्टी के दिनों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को जाने से रोका जा सके। लगाए जाएंगे ‘नो एंट्री’ और ‘खतरा’ बोर्ड राजस्व, वन और पंचायत विभाग को वाटरफॉल के खतरनाक हिस्सों और पहुंच के रास्तों पर बड़े और साफ ‘प्रवेश निषेध’ और ‘खतरा’ चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं तहसीलदार और संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच व सचिव को आसपास के क्षेत्रों और गांवों में लगातार मुनादी और लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को प्रतिबंध की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश तोड़ने पर होगी कार्रवाई कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन कर वाटरफॉल क्षेत्र में जाने, लोगों को वहां जाने के लिए उकसाने और प्रशासन की कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने बताया है कि मौजूदा स्थिति की गंभीरता और आपात स्थिति को देखते हुए यह आदेश एकतरफा जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने आम लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परसदा-केराझर वाटरफॉल क्षेत्र में न जाएं और प्रशासन के प्रतिबंध का पालन करें। ………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… रील बनाने 30 फीट ऊंचाई से लगा रहे छलांग, VIDEO:रायगढ़ के वाटरफॉल में जानलेवा स्टंट, पुलिस बोली- स्टंट करने वालों पर होगी कार्रवाई छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बारिश के साथ वाटरफॉल पर्यटकों से गुलजार हो गए हैं, लेकिन प्राकृतिक सुंदरता के बीच कुछ युवक जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। परसदा-केराझर वाटरफॉल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें युवक फिसलन भरी चट्टानों पर चढ़कर 25 से 30 फीट ऊंचाई से पानी में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…