Tuesday, 18 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सीधी के बारी कोठार में भूस्खलन, सड़क बंद:एक ग्रामीण और गाय मलबे में फंसे, बिजली का पोल टूटा

INT News18 August 2026 at 06:50 pm

सीधी जिले की बहरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बारी कोठार में मंगलवार शाम तेज बारिश के दौरान भूस्खलन हुआ। लखन केवट के घर के पास पहाड़ी का एक हिस्सा धंस गया, जिससे भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा पीसीसी सड़क पर आ गिरा। इस घटना के कारण सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे भारी बारिश हो रही थी, तभी अचानक पहाड़ी का कटाव हुआ। इस दौरान आसपास मौजूद कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि, भूस्खलन की चपेट में एक गाय और एक ग्रामीण आ गया, जो मलबे में फंसे हुए हैं। ग्रामीण उन्हें सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीण रामशरण साहू ने बताया कि अचानक हुई इस घटना से लोग घबरा गए। उन्होंने जानकारी दी कि घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों से मदद के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन तत्काल मौके पर कोई सरकारी सहायता नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बंद होने से आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। भूस्खलन के कारण एक विद्युत पोल भी टूट गया, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और अंधेरा छा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मलबा हटाने, फंसे हुए व्यक्ति और गाय को सुरक्षित निकालने तथा बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। मलबा हटाने का प्रयास किया जाएगा इस संबंध में सिहावल के एसडीएम राकेश शुक्ला ने बताया कि उन्हें अभी घटनास्थल की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि लोगों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली जाएगी और उसके बाद मलबा हटाने की कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा।