national
Award: हृदयेश जोशी और श्याम मीरा सिंह को मिला कुलदीप नैयर पत्रकारिता सम्मान

Award: निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए गांधी शांति प्रतिष्ठान द्वारा संचालित ‘कुलदीप नैयर पत्रकारिता सम्मान’ के वर्ष 2024 और वर्ष 2025 संस्करण की घोषणा पुरस्कार समिति के अध्यक्ष आशीष नंदी ने शुक्रवार को की. सम्मान चयन समिति ने वर्ष 2024 के लिए वरिष्ठ पत्रकार एवं टीवी एंकर हृदयेश जोशी और वर्ष 2025 के लिए श्याम मीरा सिंह को सम्मानित करने का फैसला लिया. यह पुरस्कार 24 अक्टूबर को गांधी पीस फाउंडेशन में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाएगा. कुलदीप नैयर पत्रकारिता पुरस्कार की शुरुआत गांधी शांति प्रतिष्ठान और वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर ने वर्ष 2017 में की थी. इस पुरस्कार योजना के तहत हर वर्ष भारतीय भाषाओं में स्वतंत्र एवं प्रगतिशील पत्रकारिता करने वाले पत्रकार को हर साल 1 लाख रुपये की राशि, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया जाता है. गौरतलब है कि कुलदीप नैयर भारतीय पत्रकारिता के स्तंभों में से एक रहे हैं. पुरस्कार चयन समिति में कुमार प्रशांत, नीरजा चौधरी, ओम थानवी, विजय प्रताप, संजय पारीख, जयशंकर गुप्त, प्रियदर्शन सहित 10 लोग हैं.
कैसे होता है चयन
अगले साल पुरस्कार के लिए कोई पत्रकार 30 दिसंबर तक अपना आवेदन सम्मान चयन समिति के सचिव को भेज सकते हैं. इस आवेदन पर गांधी शांति प्रतिष्ठान और चयन समिति विचार करेगी. इस संपूर्ण प्रक्रिया का संचालन गांधी शांति प्रतिष्ठान द्वारा 20 लाख रुपये की संचित निधि के माध्यम से इसके अध्यक्ष कुमार प्रशांत की देख-रेख में किया जाता है. प्रख्यात विचारक आशीष नंदी सम्मान समिति के अध्यक्ष हैं और वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार इसके सचिव हैं. वहीं, वरिष्ठ समाजकर्मी विजय प्रताप इसके संस्थापक सदस्य और सलाहकार की भूमिका में हैं. पत्रकारों का अंतिम चयन 10 सदस्यीय समिति द्वारा सर्वसम्मति से किया जाता है, जिसमें ओम थानवी, नीरजा चौधरी, प्रियदर्शन और प्रमोद रंजन जैसे दिग्गज शामिल हैं. संस्था का प्रयास है कि इस चयन प्रक्रिया को अधिक से अधिक बहुभाषी और पारदर्शी बनाया जाए ताकि देश की हर भाषा के पत्रकार को राष्ट्रीय मंच पर उचित सम्मान मिल सके.