समाचार · पंजाब
लुधियाना में सेहत से खिलवाड़:सोया चाप फैक्ट्री पर फूड सेफ्टी टीम का छापा, 100 किलो माल जब्त; गंदगी देख भड़के अधिकारी
लुधियाना में लोगों की थाली तक पहुंचने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। खाद्य सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर सोया चाप तैयार करने का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने लुधियाना स्थित एक प्रमुख सोया चाप निर्माण इकाई पर औचक छापेमारी कर करीब 100 किलोग्राम तैयार सोया चाप बरामद किया। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री के भीतर फैली भारी गंदगी और कर्मचारियों की लापरवाही को देखकर प्रशासनिक अधिकारी भी दंग रह गए। गंदगी के बीच तैयार हो रहा था माल निरीक्षण के दौरान यूनिट के अंदर बेहद अस्वच्छ और बदहाल हालात पाए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों ने न तो एप्रन या ग्लव्स पहने थे और न ही पर्सनल हाइजीन (व्यक्तिगत स्वच्छता) का कोई ध्यान रखा जा रहा था। जिस जगह पर खाद्य सामग्री तैयार हो रही थी, वहां चारों तरफ मक्खियां और अस्वच्छता का माहौल था। जनता की सेहत से हो रहे इस सीधे खिलवाड़ को देखते हुए विभाग ने तुरंत सख्त रुख अपनाया और यूनिट संचालक का मौके पर ही स्वच्छता उल्लंघन का चालान काट दिया। सोया आटा और चाप के सैंपल लैब भेजे विभागीय टीम ने गुणवत्ता की गहन जांच के लिए मौके से दो संदिग्ध नमूने जब्त किए, जिनमें एक तैयार सोया चाप और दूसरा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला सोया आटा (सोया फ्लोर) शामिल है। इन दोनों नमूनों को सील कर रासायनिक विश्लेषण और शुद्धता जांच के लिए स्टेट फूड लेबोरेटरी भेज दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि मुनाफे के चक्कर में निर्माण में घटिया सामग्री या गैर-मानक तत्वों की मिलावट की जा रही थी। लैब रिपोर्ट के बाद दर्ज हो सकती है FIR जिला स्वास्थ्य अधिकारी (DHO) डॉ. आशीष चावला ने बताया कि विभाग को इस यूनिट के बारे में लगातार गोपनीय शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि शहरवासियों की सेहत के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा। डॉ. चावला के अनुसार, लैब रिपोर्ट आते ही अगर नमूनों में किसी भी प्रकार की मिलावट या सब-स्टैंडर्ड तत्व पाए गए, तो फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत फैक्ट्री सील करने और संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।