समाचार · पंजाब
एबीवीपी ने 30 से अधिक संस्थानों के 340 स्टूडेंट्स किए सम्मानित
| जालंधर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित कर 30 से अधिक विद्यालयों, महाविद्यालयों व अन्य शिक्षण संस्थानों के 340 विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को मान्यता देना और उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में युवाओं में संस्कार, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का संदेश भी रखा गया। समारोह में पूर्व लोकसभा सांसद सुशील कुमार रिंकू मुख्य अतिथि रहे। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा और लघु उद्योग भारती की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा धूमल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। एबीवीपी के प्रदेश मंत्री श्री जसकरण भुल्लर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री शमशेर सिंह चौहान, प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. पंकज बग्गा, प्रांत सह मंत्री अंकित कुंद्रा, विभाग संगठन मंत्री निर्देश खजूरिया, महानगर अध्यक्ष संदीप कुमार और महानगर मंत्री गुरवीर सिंह सहित विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक व एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।