समाचार · मध्य प्रदेश
उज्जैन में पुलिस टीम पर हमला, आरक्षक घायल:शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को समझाने पहुंची थी, 3 गिरफ्तार
उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी और मारपीट की। सांवराखेड़ी रोड पर बंधन गार्डन के सामने हंगामे की सूचना पर पहुंची एफआरवी टीम ने युवकों को घर जाने की समझाइश दी, लेकिन वे गाली-गलौज और झूमाझटकी करने लगे। सूचना पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस टीम के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता की। घटना में आरक्षक प्रशांत की दाहिने हाथ की अनामिका अंगुली में चोट आई, जबकि एफआरवी पायलट भी घायल हुआ। पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। समझाने पर पुलिसकर्मियों से की झूमाझटकी आरक्षक विक्रम सिंह चौहान की ड्यूटी शुक्रवार शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक एफआरवी-22 पर थी। रात करीब 11:30 बजे वह पायलट लोकेंद्र के साथ सांवराखेड़ी रोड स्थित बंधन गार्डन के सामने पहुंचे। वहां 7-8 युवक सड़क किनारे शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर घर जाने को कहा, लेकिन वे गाली-गलौज करने लगे। झूमाझटकी के दौरान आरक्षक विक्रम की जांघ में चोट आई और उसकी शर्ट के बटन टूट गए। अतिरिक्त पुलिस टीम से भी की अभद्रता स्थिति बिगड़ने पर आरक्षक विक्रम ने वायरलेस से थाने को सूचना दी। इसके बाद चीता पार्टी और दूसरी एफआरवी टीम मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल के आने के बाद भी युवक शांत नहीं हुए और पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी करने लगे। इस दौरान आरक्षक प्रशांत के दाहिने हाथ की अनामिका अंगुली में चोट लग गई, जिससे खून निकलने लगा। तीन आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी पुलिस ने मौके से विकास लोधी, अंकित चौहान और यश परमार को गिरफ्तार किया है। आरक्षक की रिपोर्ट पर तीनों सहित अन्य युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। वारदात में शामिल बाकी आरोपी मौके से भाग गए। उनकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।