समाचार · मध्य प्रदेश
विदिशा में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता:सात ब्लॉक के खिलाड़ी शामिल, विजेता टीमें संभाग स्तर पर जाएगी
विदिशा के खेल स्टेडियम में दो दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सातों विकासखंडों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विदिशा, नटेरन, बासौदा, कुरवाई, लटेरी, सिरोंज और ग्यारसपुर ब्लॉक के विद्यार्थी शामिल हुए। पहले दिन बालिका वर्ग के मुकाबले हुए, जबकि दूसरे दिन बालक वर्ग के मुकाबले खेले गए। बालिका वर्ग में तीन आयु वर्गों के मुकाबले प्रतियोगिता के पहले दिन 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के कबड्डी मुकाबले आयोजित किए गए। अलग-अलग विकासखंडों से पहुंची छात्राओं ने मैदान पर पूरी ताकत और रणनीति के साथ खेलते हुए एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों में जीत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। दूसरे दिन बालक वर्ग ने दिखाया दम प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालक वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। इसमें भी जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। वहीं, मैदान के बाहर मौजूद साथी विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। संभाग स्तर के लिए टीमों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य संभाग स्तर की प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों और टीमों का चयन करना था। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में विदिशा जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। ग्रामीण और शहरी खिलाड़ियों को मिला मंच इस आयोजन से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया और बेहतर खेल के जरिए आगे बढ़ने का अवसर हासिल किया। खेल अधिकारियों और कोच ने दिया मार्गदर्शन प्रतियोगिता के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग के क्रीड़ा अधिकारी, खेल शिक्षक और कबड्डी कोच मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखी और उन्हें खेल से जुड़ा आवश्यक मार्गदर्शन दिया। चयनित टीमें अब संभाग स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में विदिशा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।