समाचार · बिहार
मुंगेर में टीन के शेड में चल रही थी नकली सिगरेट की फैक्ट्री! ई-रिक्शा से माल सप्लाई होते ही पुलिस ने बोला धावा

मुंगेर. जिले में नकली सिगरेट के अवैध निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है. इसी क्रम में शुक्रवार की शाम वासुदेवपुर थाना पुलिस ने चुरंबा में छापेमारी कर सिगरेट बनाने और उसकी आपूर्ति करने के एक और मामले का खुलासा किया. चुरंबा मुख्य मार्ग स्थित एक बगीचे में बने टीन के मकान से कथित तौर पर सिगरेट बनाने और सप्लाई करने का धंधा चल रहा था. पुलिस ने ई-रिक्शा पर लादकर ले जायी जा रही सिगरेट बरामद की. मौके से छोटे-बड़े आकार के छह प्लास्टिक बोरों में सिगरेट मिली. मामले में एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि एक कारीगर को भी पकड़ा गया है. पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े लोगों और आपूर्ति नेटवर्क की पड़ताल कर रही है.
ई-रिक्शा से ले जायी जा रही थी सिगरेट
पुलिस ने चुरंबा मुख्य मार्ग स्थित बगीचे में बने टीन के मकान के पास कार्रवाई की. यहां से ई-रिक्शा पर लादकर ले जायी जा रही सिगरेट पकड़ी गयी.
मौके पर छोटे-बड़े आकार के छह प्लास्टिक बोरों में सिगरेट बरामद की गयी. इसके अलावा पुलिस को बड़ी संख्या में सिगरेट के रैपर और खाली डिब्बे भी मिले हैं. फिलहाल बरामद सिगरेट की कुल संख्या और उसकी बाजार कीमत का आकलन नहीं हो सका है.
नाबालिग पुलिस अभिरक्षा में, एक कारीगर भी पकड़ा गया
वासुदेवपुर थाना पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है. वहीं, मौके से एक कारीगर को भी पकड़ा गया है.
पुलिस बरामद सिगरेट, रैपर और खाली डिब्बों की जांच कर रही है. इन सामग्रियों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सिगरेट तैयार करने और उसकी पैकिंग का काम किस तरीके से किया जा रहा था.
दिलावरपुर से नयागांव तक पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
मुंगेर जिले में नकली सिगरेट के निर्माण और कारोबार के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. इससे पहले दिलावरपुर में तीन अलग-अलग स्थानों पर सिगरेट बनाने का धंधा पकड़ा गया था.
इसके बाद नयागांव, मुबारकचक और सुजाबलपुर में भी पुलिस ने कार्रवाई कर सिगरेट बरामद की थी. अब चुरंबा में हुई छापेमारी के बाद इस अवैध कारोबार के संभावित विस्तार को लेकर जांच तेज हो गयी है.
अलग-अलग इलाकों से लगातार ऐसे मामले सामने आने के बाद पुलिस के सामने इस कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने की चुनौती है.
सिगरेट की सप्लाई कहां होती थी, इसकी जांच जारी
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चुरंबा में किराये के टीन के मकान से संचालित इस धंधे के पीछे कौन लोग हैं और तैयार सिगरेट कहां भेजी जानी थी.
इसके साथ ही रैपर और खाली डिब्बों की आपूर्ति कहां से होती थी तथा कारोबार का संचालन किसके इशारे पर किया जा रहा था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस बरामद सामग्री के आधार पर कारोबार के तरीके और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास कर रही है.
एसपी ने कहा, पूरे मामले की हो रही जांच
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मामले में एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि एक कारीगर को भी पकड़ा गया है. मौके से सिगरेट के अलावा बड़ी संख्या में रैपर और खाली डिब्बे बरामद हुए हैं. उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान नकली सिगरेट के निर्माण और आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.