समाचार · मध्य प्रदेश
हल्की बारिश में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरे ट्रक:ड्राइवर फंसा; जेसीबी से निकाले जा रहे वाहन
छिंदवाड़ा: देहात थाना क्षेत्र के बायपास स्थित लॉ कॉलेज के पास शुक्रवार को हल्की बारिश के बीच बड़ा सड़क हादसा हो गया। बोरिंग कंपनी के दो ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गए। हादसे में एक ट्रक का ड्राइवर वाहन में फंस गया, जबकि दूसरे ट्रक के चालक के घायल होने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रक बोरिंग कार्य से लौट रहे थे। इसी दौरान बारिश के बीच एक ट्रक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे नीचे उतरकर पलट गया। हादसे के बाद चालक ट्रक के अंदर ही फंस गया। इसी दौरान उसी मार्ग से गुजर रहे कंपनी के दूसरे ट्रक चालक ने मदद के उद्देश्य से टोचन लगाकर फंसे वाहन को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन खींचने के दौरान दूसरा ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और दोनों ट्रक सड़क किनारे फंस गए। घटना की सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से दोनों वाहनों को बाहर निकालने की व्यवस्था शुरू कर दी है। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी मिली है। 15 दिन में तीसरा बड़ा हादसा लगातार हो रही बारिश के चलते जिले में सड़क हादसों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। पिछले 15 दिनों में यह तीसरा मामला है, जब वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गए। इससे पहले हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे।