समाचार · मध्य प्रदेश
रीवा उपचुनाव; 15 सितंबर तक नामांकन, 29 सितंबर को वोटिंग:3 अक्टूबर को सरपंच-जनपद सदस्य और पंच पद के लिए नतीजे आएंगे
रीवा जिले में 1 जनपद सदस्य, 4 सरपंच और 38 पंच पदों के लिए पंचायत उपचुनाव होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत उपचुनाव-2026 की समय-सारणी जारी कर दी है। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि अभ्यर्थी 15 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 16 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से होगी। अभ्यर्थी 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। सरपंच और जनपद सदस्य पद के लिए ईवीएम से, जबकि पंच पद के लिए मतपत्र और मतपेटी से मतदान होगा। पंच पद के वोटों की गिनती मतदान समाप्त होते ही उसी दिन मतदान केंद्रों पर होगी। सरपंच और जनपद सदस्य के मतों की गणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालयों पर होगी। इन्हीं पदों के परिणाम की घोषणा 3 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से होगी। पंच पदों का अंतिम सारणीकरण और परिणाम 5 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से घोषित किया जाएगा। इन पदों पर होगा चुनाव जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान के वार्ड क्रमांक 15 में जनपद सदस्य के रिक्त पद के लिए चुनाव होगा। सरपंच पद के लिए रायपुर कर्चुलियान की ग्राम पंचायत लोहदवार, गंगेव की ग्राम पंचायत टिकुरी नंबर 37, त्योंथर की ग्राम पंचायत अतरैला-12 और सिरमौर की ग्राम पंचायत हिनौता में उपचुनाव होगा। पंच पद के लिए जनपद पंचायत रीवा में गोरगी वार्ड 2, तमरा वार्ड 3 और सहिजना नंबर 2 वार्ड 8 में मतदान होगा। रायपुर कर्चुलियान के इन वार्डों के लिए वोटिंग
रायपुर कर्चुलियान में हरदुआ वार्ड 19, हर्दी नंबर 2 वार्ड 9, रायपुर कर्चुलियान वार्ड 16, कांटी वार्ड 4, सेमरीकला वार्ड 4, पुरवा वार्ड 12 और बुड़वा वार्ड 12 में पंच पद के लिए चुनाव होगा। गंगेव में चौरी वार्ड 1, बेलवा पैकान वार्ड 6 और 20, जोड़ौरी वार्ड 8 और खरहरी वार्ड 17 में पंच पद के लिए मतदान होगा। त्योंथर में चुनरी वार्ड 4, कांकर वार्ड 7, फरहदी वार्ड 13 और 20, अमिलिया वार्ड 4, डाढ़ाकला वार्ड 5, पनासी वार्ड 1, बरेठीकला वार्ड 3, सरूई वार्ड 14, चौखड़ा वार्ड 8 और फुलदेउर वार्ड 16 में चुनाव होगा। जवा में कोनी कला वार्ड 12, कल्याणपुर वार्ड 16, बौसड़ वार्ड 16, दोंदर वार्ड 5 और लूक वार्ड 2 में पंच पद के लिए मतदान कराया जाएगा। सिरमौर में भेलौड़ी वार्ड 15, देवगांव कला वार्ड 20, मझिगवां सेमरिया वार्ड 2, जामू वार्ड 11, शाहपुर वार्ड 8 और माड़ौ वार्ड 8 व 18 में पंच पद के लिए उपचुनाव होगा।