Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

शारदा सिन्हा की आवाज, छठ और वन देवी... The Vvaan का ये सीन देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे

INT News25 September 2026 at 04:08 pm

The Vvaan Movie: सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘Vvaan’ अपनी कहानी में रहस्य और फैंटेसी के साथ बिहार की लोक आस्था और संस्कृति की झलक भी दिखाती है. फिल्म में छठ पूजा का एक खास हिस्सा रखा गया है, जिसमें महान लोक गायिका शारदा सिन्हा की आवाज सुनाई देती है. छठ के घाट, पूजा का माहौल और उनकी आवाज मिलकर इस सीन को इमोशनल बना देते हैं. इसके बाद कहानी धीरे-धीरे वन देवी की रहस्यमयी दुनिया में पहुंचती है, जहां जंगल, शेर की दहाड़ और रहस्यमयी मान्यताएं कहानी को एक नया मोड़ देती हैं.

छठ के घाट पर सुनाई देती हैं शारदा सिन्हा की आवाज

बिहार और छठ पूजा की बात हो तो शारदा सिन्हा की आवाज का जिक्र अपने आप हो जाता है. दशकों तक उनके छठ गीत बिहार के घरों, गलियों और घाटों पर सुनाई देते रहे हैं. छठ के मौके पर उनके गीतों ने एक अलग पहचान बनाई है. यही वजह है कि ‘Vvaan’ में छठ पूजा के दृश्य के दौरान उनकी आवाज सुनाई देना खास बन जाता है.

फिल्म में छठ की तैयारियों से लेकर घाट के माहौल तक बिहार की लोक संस्कृति को दिखाने की कोशिश की गई है. आस्था से भरे इस माहौल के बीच जब शारदा सिन्हा की आवाज सुनाई देती है, तो यह सीन कहानी को बिहार की मिट्टी और वहां की परंपराओं से जोड़ देता है.

शारदा सिन्हा की आवाज सुनकर इमोशनल हो जा रहे दर्शक

शारदा सिन्हा के निधन के बाद उनकी आवाज को पर्दे पर सुनना इस हिस्से को और इमोशनल बना देता है. जिस आवाज को लोगों ने सालों तक छठ के दौरान सुना, वही आवाज अब फिल्म के जरिए दोबारा सुनाई देगी. हालांकि शारदा सिन्हा अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज आज भी उनके चाहने वालों के बीच मौजूद है.

इसलिए फिल्म में उनकी आवाज का इस्तेमाल सिर्फ एक गीत या बैकग्राउंड म्यूजिक जैसा नहीं लगता. यह बिहार के लोगों के लिए उनकी यादों और छठ से जुड़े भावनात्मक रिश्ते को भी सामने लाता है.

ये भी पढ़ें: The Vvaan Show Timings: सिनेमाघरों में छाई ‘द वन’ हाउसफुल होने से पहले पटना-रांची वाले यहां देखें शोज की पूरी लिस्ट

वन देवी ने छठ की महिमा का किया बखान

फिल्म की कहानी सिर्फ लोक संस्कृति तक सीमित नहीं रहती. छठ पूजा के दृश्यों के बाद कहानी वन देवी से जुड़े रहस्यों की ओर बढ़ती है. जंगल के सन्नाटे, शेर की दहाड़ और खास साउंड इफेक्ट्स के जरिए फिल्म में डर और रहस्य का माहौल तैयार किया गया है.

वन देवी की मौजूदगी को जंगल और प्रकृति की ताकत से जोड़कर दिखाया गया है. शेर की दहाड़ के साथ उनके किरदार की रहस्यमयी शक्ति को महसूस कराने की कोशिश की गई है. फिल्म में वन देवी छठ पूजा करने को कहती हैं और उनकी महिमा का बखान करती हैं, जो लोगो को जल, जंगल और जमीन से जोड़ता हैं.

क्या है वन देवी का खास कवच?

फिल्म में वन देवी से जुड़े एक खास कवच का भी जिक्र देखने को मिलता है. इसे पैर में  पायल पहनने जैसा  दिखाया गया है, जिसे बांए पैर में पहनना जरूरी माना जाता है. कहानी में इस कवच को सुरक्षा से जोड़कर दिखाया गया है.

मान्यता के मुताबिक, इसके बिना जंगल में प्रवेश करना भी सामान्य नहीं माना जाता. यही रहस्यमयी मान्यता फिल्म की कहानी में उत्सुकता बढ़ाती है और दर्शकों को वन देवी की दुनिया को समझने के लिए आगे देखने पर मजबूर करती है.

आस्था से दूर ऋषि का बदलता नजरिया

सिद्धार्थ मल्होत्रा फिल्म में ऋषि का किरदार निभा रहे हैं, उनका किरदार नास्तिक है. हालांकि बाद में जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, उसका सामना वन देवी से जुड़े रहस्यों से होता है. इसके बाद उसके नजरिए में बदलाव आने लगता है और कहानी फैंटेसी, लोककथा और रहस्य की तरफ बढ़ती है.

फिल्म में एक दृश्य ऐसा भी हैं जहां नास्तिक ऋषि को मां वन देवी पर भरोसा होता हैं. इतना ही नहीं वन देवी खुद ऋषि को उस वन की सुरक्षा के लिए चुनती हैं और उनसे वचन लेती है की हर जन्म में वह ही उस वन की रक्षा करे.

बिहार की संस्कृति और फैंटेसी का अनोखा मेल

‘द वन’ में एक तरफ छठ के घाट पर शारदा सिन्हा की आवाज सुनाई देती है, तो दूसरी तरफ रहस्यमयी जंगल में शेर की दहाड़ सुनाई देती है. छठ, लोक आस्था, शारदा सिन्हा की आवाज और वन देवी की रहस्यमयी दुनिया को एक साथ जोड़कर फिल्म बिहार की संस्कृति को फैंटेसी के रंग में पेश करती है.

यही मेल ‘Vvaan’ की कहानी को सिर्फ एक रहस्यमयी फिल्म से आगे ले जाता है और बिहार की लोक परंपराओं को कहानी का अहम हिस्सा बनाता है.

ये भी पढ़ें: The Vvaan X Review: बिहार की छठ पूजा बनी लाइमलाइट, 'द वन' का टिकट खरीदने से पहले पढ़ें रिव्यू