समाचार · छत्तीसगढ़
बेमेतरा में अवैध शराब बेचने के मामले में 3 गिरफ्तार:72 पौवा शराब और बाइक जब्त, दुकान स्टाफ पर भी एक्शन,तीनों आरोपी जेल भेजे गए
बेमेतरा साइबर सेल और परपोड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब बिक्री के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी मसाला और प्लेन शराब के 72 पौवा जब्त किए हैं, जिनकी कीमत 6,720 रुपए बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है। शराब और बाइक समेत कुल जब्त संपत्ति की कीमत 46,720 रुपए है। मामले में परपोड़ी शराब दुकान में कार्यरत स्टाफ के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल सिंह मरकाम परपोड़ी शराब भट्ठी के पास बिक्री के लिए अवैध शराब रखे हुए है। सूचना पर साइबर सेल और परपोड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर लाल सिंह को शराब और बाइक के साथ पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि पिंटू साहू के कहने पर शराब को अमर चंद नेताम उर्फ राम नेताम के घर पहुंचाने के उद्देश्य से रखा गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई, जेल भेजे गए आरोपी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाल सिंह मरकाम (20), निवासी गगरिया खम्हरिया, जिला कबीरधाम; पिंटू साहू (31), निवासी नगधा, वर्तमान में साजा; और अमर चंद नेताम उर्फ राम नेताम (47), निवासी देऊरगांव, जिला बेमेतरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। संयुक्त टीम ने की कार्रवाई कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, निरीक्षक अजय सोनकर और परपोड़ी थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक विजयेन्द्र कुमार कश्यप सहित साइबर सेल एवं परपोड़ी पुलिस की टीम शामिल रही। बेमेतरा पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थों, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।