Wednesday, 30 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गुरुग्राम पुलिस ने ध्वस्त कराई अपराधी की प्रॉपर्टी:100 वर्गगज का मकान सीज किया, अवैध जमीन कब्जा कर कराया था निर्माण

INT News29 September 2026 at 06:55 pm

गुरुग्राम पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भूमि माफिया और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को अवैध कब्जों और निर्माण पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर दो अपराधियों के अवैध रूप से कब्जाए या बनवाए गए मकानों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान एक मकान को ध्वस्त किया गया, जबकि दूसरे मकान को सीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने संबंधित विभागों के सहयोग से आजाद उर्फ कालू निवासी अशोक विहार फेज-3 द्वारा एयरफोर्स स्टेशन की दीवार के पास करीब 50 वर्ग गज में बनाए गए मकान को ध्वस्त किया। आजाद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य संगीन धाराओं में थाना सेक्टर-5 और उद्योग विहार में कुल छह मामले दर्ज हैं। 100 वर्ग गज में बने मकान को किया सीज इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) गुरुग्राम ने संबंधित विभागों के साथ कार्रवाई करते हुए बीरू कुमार निवासी 12 बिस्वा, छोटी माता मंदिर के पास, गांव गुरुग्राम के करीब 100 वर्ग गज में बने मकान को सीज किया। पुलिस के मुताबिक, बीरू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, हत्या, अपहरण, मारपीट सहित अन्य मामलों में थाना सेक्टर-14, सिटी और सेक्टर-9ए में कुल चार अभियोग दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई। गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि अवैध कब्जों और आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।