Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन:मंदसौर में गांधी चौराहे से कोतवाली तक मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

INT News22 July 2026 at 02:56 pm

दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और विपक्षी नेताओं के साथ कथित अमानवीय व्यवहार के विरोध में बुधवार को मंदसौर शहर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौराहा स्थित कांग्रेस कार्यालय से सिटी कोतवाली थाना तक पैदल मार्च निकाला और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसमें पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। लाठी चार्ज पर जताई नाराजगी

ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में अपनी मांगों को शांतिपूर्वक रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को लेकर धरना दे रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी सहित अन्य विपक्षी नेताओं और सांसदों के साथ भी अमानवीय व्यवहार किया गया, जो निंदनीय है। ज्ञापन में कहा गया कि छात्र देश का भविष्य हैं। उनकी आवाज को संवाद के माध्यम से सुना जाना चाहिए। उन्हें लाठीचार्ज जैसे दमनात्मक कदमों से नहीं दबाया जाना चाहिए। कांग्रेस ने इसे संविधान में मिले अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया। नीट पेपर लीक मामले में आरोपियों को मिले सजा

कांग्रेस ने राष्ट्रपति से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की। प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इष्टा भाचावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ शेख, कांग्रेस नेता दीपक सिंह गुर्जर, सोमिल नाहटा, मनजीत सिंह मनी, तरुण खींची, माजिद चौधरी सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।