समाचार · मध्य प्रदेश
बाजार में अतिक्रमण का रसूख: नपा अमले से बदसलूकी, 3 पर एफआईआर, 2 गिरफ्तार
भास्कर संवाददाता | सीहोर शहर की ध्वस्त हो चुकी यातायात व्यवस्था अब केवल जाम का कारण नहीं बन रही, बल्कि बदसलूकी का जरिया बन चुकी है। 3 दिन पहले पान चौराहा के पास कार-ठेला विवाद और व्यापारियों के घंटेभर चले हंगामे के बाद जब नपा का अमला सड़कों पर उतरा, तो उन्हें भी दबंगई का सामना करना पड़ा। नमक चौराहा के पास अव्यवस्थित हाथ ठेलों को हटाने गई नपा टीम के साथ तीन लोगों ने गाली-गलौच और बदसलूकी कर दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। शहर में रोज लग रहे जाम के दो मुख्य कारण हैं। पहला, मुख्य मार्गों पर अव्यवस्थित खड़े हाथ ठेले जो आधी सड़क घेर लेते हैं, और दूसरा व्यापारियों द्वारा अपनी दुकानों की हद से बाहर सामान सजाकर किया गया अतिक्रमण। 3 दिन पहले हुई घटना के बाद जागा प्रशासन: 3 दिन पहले बाजार क्षेत्र पान चौराहा के पास एक कार चालक वाहन मोड़ रहा था। सड़क किनारे खड़ा ठेले वाला ठेला हटाने को तैयार नहीं हुआ और कार उससे टकरा गई। इसके बाद ठेले चालकों ने कार चालक के साथ बदसलूकी की। घटना से आक्रोशित होकर व्यापारी सड़कों पर उतर आए और करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। बाद में पुलिस और नगर पालिका अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ था। इसी घटना के बाद नपा ने अतिक्रमण हटाने और ठेलों को व्यवस्थित करने की मुहिम शुरू की है। शहर के चार प्रमुख क्षेत्र, जो सबसे बड़ी बाधा .नमक चौराहा: चारों तरफ से आने वाले वाहनों और ठेलों के बेतरतीब जमावड़े के कारण यहाँ दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। .मेन रोड का सराय क्षेत्र: व्यापारियों द्वारा दुकानों के बाहर फैलाया गया सामान और खरीदारों की बेतरतीब पार्किंग राहगीरों की आफत बढ़ा रही है। .पान चौराहा: संकरा रास्ता और ठीक चौराहे पर खड़े होने वाले ठेले। यही कारण है कि मोड़ पर आए दिन हादसों और विवादों की स्थिति बनती है। .स्टेट बैंक के पास: बैंक आने वाले ग्राहकों के अव्यवस्थित वाहनों और ठेलों की वजह से हर वक्त राहगीर परेशान होते हैं।