समाचार · पंजाब
मजदूर नेता पर हमले के विरोध में DSP-ऑफिस का घेराव:नकोदर में विभिन्न संगठनों से हजारों लोग पहुंचे; आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
जनवादी, लोकतांत्रिक और साहित्यिक संगठनों के आह्वान पर हजारों लोगों ने नकोदर में डीएसपी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने मजदूर नेता हरमेश मालड़ी पर हमले के आरोपियों को गिरफ्तार करने और क्रांतिकारी कवि अवतार पाश व हंसराज के स्मारक परिसर को विरासती स्मारक का दर्जा देने की मांग उठाई। विभिन्न किसान, मजदूर और कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सरपंच और साथियों पर हमले के आरोप प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि तलवंडी सलेम के सरपंच और उनके साथियों ने मजदूर नेता हरमेश मालड़ी के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और उन पर हमला किया। उनका कहना था कि आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक गिरफ्तारी नहीं की है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के चलते आरोपी पुलिस कार्यालयों के सामने घूमकर पीड़ित पक्ष को धमका रहे हैं। उन्होंने इस मामले में भगवंत मान सरकार और स्थानीय विधायक इंद्रजीत कौर मान की भूमिका पर भी सवाल उठाए। बोले- अब तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 13 अक्टूबर को कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, गुरमीत सिंह खुड्डियां और अमन अरोड़ा के साथ किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां व अन्य प्रतिनिधियों की बैठक हुई थी। इसमें आरोपियों की गिरफ्तारी और पाश स्मारक को विरासती दर्जा देने की मांग स्वीकार की गई थी। इसके बावजूद अब तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई। पाश स्मारक को विरासती दर्जा देने की मांग वक्ताओं ने केंद्र की भाजपा-आरएसएस सरकार और पंजाब सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मजदूरों, किसानों, कर्मचारियों और दुकानदारों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले लोगों को क्रांतिकारी कवि पाश की रचनाओं से प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें देशभक्तों और क्रांतिकारियों की यादगारों को नजरअंदाज कर रही हैं। नेताओं ने स्पष्ट किया कि दोनों मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। कई किसान-मजदूर संगठनों के नेता हुए शामिल प्रदर्शन में बीकेयू एकता उगराहां के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां, देश भगत यादगार हॉल कमेटी के महासचिव गुरमीत, महिला किसान नेता कंवलजीत कौर बरनाला, डॉ. परमिंदर, प्रोफेसर सुरजीत जज और हरमेश मालड़ी शामिल हुए। इसके अलावा डीटीएफ के रेशम सिंह खेमूआणा, टीएसयू के मलकीत सिंह, पंजाब खेत मजदूर यूनियन के लक्ष्मण सिंह सेवेवाला, ग्रामीण मजदूर यूनियन के कश्मीर सिंह घुग्गशोर, जमहूरी किसान सभा के मनोहर सिंह और कीर्ति किसान यूनियन के संतोख सिंह संधू सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।