समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी:5 दिन से सफाई-पानी ठप, बाजार बंद कर समर्थन में उतरे दुकानदार
दतिया के कस्बा सेवढ़ा में नगर परिषद के आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में मंगलवार सुबह 10 बजे से दुकानदारों ने बाजार बंद रखकर विरोध जताया। बाजार बंद रहने से मुख्य बाजार में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। इधर, पांच दिन से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण नगर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि वे ठेकेदार प्रथा खत्म कर नियमों के अनुसार वेतन और अन्य सुविधाएं देने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों के मुताबिक, कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक नगर परिषद और प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा लगातार सफाई नहीं होने से नगर के कई इलाकों में कचरा जमा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में गंदगी के कारण संक्रमण और बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। पानी की सप्लाई बंद होने से घरेलू जरूरतों के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द कर्मचारियों की मांगों का समाधान कर सफाई और जलापूर्ति व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है। वहीं, मामले को लेकर जब नगर परिषद के कर्मचारियों से बात की गई तो उनका कहना है कि सफाई कर्मचारियों से बातचीत चल रही है। जल्द ही समाधान निकालकर कर्मचारियों को वापस काम पर लाया जाएगा। इसके अलावा, जब एसडीएम अशोक अवस्थी से बात करने की कोशिश की गई तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।