Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

फतेहाबाद में बंदर ने बुजुर्ग महिला का कान काटा:छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई, शोर मचाने पर परिजन पहुंचे, लगे 6 टांके

INT News9 August 2026 at 12:34 pm

फतेहाबाद शहर के वार्ड नंबर 2 स्थित डेरेवाला मोहल्ले में रविवार की सुबह झुंड में शामिल एक बंदर ने बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। करीब 80 वर्षीय भगवान देवी छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई थीं। इसी दौरान अचानक उन पर हमला हुआ। बंदर के हमले में महिला के कान पर गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। महिला को परिजन तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनके कान पर छह टांके लगाए। रेबीज से बचाव के लिए महिला को टीका भी लगाया गया। परिवार के बाकी सदस्य नीचे मौजूद थे भगवान देवी ने बताया कि, रविवार सुबह वह छत पर सूख रहे कपड़े उतारने के लिए गई थीं। परिवार के अन्य सदस्य उस समय नीचे मौजूद थे। वह कपड़े उतार ही रही थीं कि आसपास की छतों पर अचानक बंदरों का झुंड आ गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, झुंड में शामिल एक बंदर ने उन पर हमला कर दिया। बंदर ने उनके कान को बुरी तरह नोच दिया। अचानक हुए हमले से वह घबरा गईं और उनके कान से खून बहने लगा। महिला ने शोर मचाया तो परिवार के लोग ऊपर आने लगे। लोगों की आवाज सुनकर बंदर वहां से भाग गया। इसके बाद भगवान देवी ने नीचे आकर परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजन उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान कान पर छह टांके लगाए और रेबीज से बचाव के लिए एंटी-रेबीज टीका लगाया। बंदरों के आतंक से मोहल्लेवासी परेशान घटना के बाद डेरेवाला मोहल्ले के लोगों में बंदरों को लेकर डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन बंदरों के झुंड घूमते रहते हैं। छतों पर बंदरों के पहुंचने से बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने और समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है।